महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट ने विद्यार्थियों को सिखाया सामाजिक जिम्मेदारी का पाठ
जल और पर्यावरण बचेगा, तभी मानव जाति का अस्तित्व रहेगा : रमेश सैनी
Updated: May 23, 2026, 15:54 IST
भिवानी, 23 मई : आने वाली पीढ़ी को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा शनिवार को गांव निनाण स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सैनी ने की। यह जानकारी देते हुए ट्रस्ट के महासचिव विजय सिंहमार व उपाध्यक्ष रिंकू ख्यालीराम ने बताया कि समारोह के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए रमेश सैनी ने पर्यावरण और स्वास्थ्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर खुलकर बात की और युवाओं को जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के बीच अपने विचार साझा करते हुए ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सैनी ने कहा कि आज हमारा सबसे बड़ा कर्तव्य अपनी धरती और प्रकृति को बचाना है। जल ही जीवन है, और यदि आज हमने पानी की एक-एक बूंद को नहीं सहेजा, तो आने वाला कल बेहद संकटपूर्ण होगा। पर्यावरण संरक्षण कोई एक दिन का काम नहीं है, बल्कि यह हमारी रोजमर्रा की आदतों का हिस्सा होना चाहिए। हर विद्यार्थी को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और उसकी देखभाल तब तक करनी चाहिए जब तक वह एक पेड़ न बन जाए। हमारे छोटे-छोटे प्रयास मिलकर एक बड़ा बदलाव ला सकते हैं। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए रमेश सैनी ने विद्यार्थियों को इससे पूरी तरह दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नशा न केवल एक इंसान के शरीर को खोखला करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। इस उम्र में हमारा पूरा ध्यान शिक्षा, अच्छे संस्कार और खेल-कूद पर होना चाहिए। इस प्रेरणादायी कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के स्टाफ और विद्यार्थियों ने रमेश सैनी के विचारों की सराहना की। उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने हाथ उठाकर यह शपथ ली कि वे पानी की बर्बादी रोकेंगे, पर्यावरण को हरा-भरा रखने में योगदान देंगे और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए खुद भी सजग रहेंगे तथा दूसरों को भी प्रेरित करेंगे। विद्यालय मुख्याध्यापक सतबीर सिंह फौगाट ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट की इस अनूठी पहल ने न केवल विद्यार्थियों को जागरूक किया, बल्कि उन्हें समाज में बदलाव के दूत बनने की एक नई ऊर्जा भी प्रदान की। इस अवसर राजेश कुमार, अनिता, अनुपमा, इंदु बाला, ज्योति रानी समस्त स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी मौजूद रहे।

