DC Sahil Gupta Guidance: भिवानी में 'प्लास्टिक छोड़ो-प्रकृति जोड़ो' थीम पर कार्यक्रम, छात्रों और नगर परिषद ने किया जागरूक

भिवानी में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्लास्टिक/पॉलिथीन मुक्त अभियान चलाया गया है। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में जागरूकता रैली निकाली गई।

 
सेवा संकल्प अभियान भिवानी

सेवा संकल्प अभियान के तहत प्लास्टिक/पॉलिथीन मुक्त अभियान चलाया

शहर में जागरूकता रैली निकालकर किया व्यापारियों व आमजन को जागरूक

भिवानी, 01 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर परिषद भिवानी एवं केआर स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा शहर में प्लास्टिक/पॉलिथीन मुक्त अभियान चलाया गया। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित जागरूकता रैली में नप व विद्यार्थियों ने ‘प्लास्टिक छोड़ो-प्रकृति जोड़ो’ थीम के साथ ‘स्वच्छ भारत-हरित भारत’ के नारों के माध्यम से आमजन एवं व्यापारियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने आमजन एवं व्यापारियों से पॉलिथीन का प्रयोग पूरी तरह बंद कर पर्यावरण संरक्षण के अभियान को जन आंदोलन बनाने की अपील की।

जागरूकता रैली में नगर परिषद व विद्यार्थियों ने लोगों से प्लास्टिक/पॉलिथीन का उपयोग बंद करने तथा इसके स्थान पर कपड़े और जूट से बने थैलों का इस्तेमाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का कम से कम उपयोग कर ही शहर को स्वच्छ एवं पर्यावरण को सुरक्षित बनाया जा सकता है। अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और हरित पर्यावरण के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

इस दौरान ईओ राजा राम, सिटी टीम लीडर विकास देशवाल, सिटी टीम लीडर सनी शर्मा व रमेश सैनी ने कहा कि प्लास्टिक और पॉलिथीन का बढ़ता उपयोग पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने आमजन से प्लास्टिक का त्याग कर स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त शहर बनाने में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में कपड़े और जूट के थैलों का अधिक से अधिक प्रयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘प्लास्टिक छोड़ो, प्रकृति जोड़ो’ का संदेश प्रत्येक घर तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। स्वच्छता और हरित पर्यावरण एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।