साइबर अपराधों पर अभेद्य ऐप लगाएगी लगाम
 

जैन चौक चौकी में जागरूकता कार्यक्रम आयेाजित, पुलिस ने अभेद्य ऐप के बारे जागरूक
पुलिस और जनता के बीच एक सुरक्षा कवच की तरह काम करेगी अभेद्य ऐप : इंस्पेक्टर जरनैल सिंह
 
 
भिवानी साइबर फ्री ज़ोन

भिवानी, 02 मई : डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों और फर्जी कॉल्स पर नकेल कसने के लिए भिवानी पुलिस अब तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त हो गई है। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के दिशा-निर्देशानुसार शनिवार को जैन चौक पुलिस चौकी में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को पुलिस द्वारा लॉन्च की गई नई अभेद्य ऐप की कार्यप्रणाली और इसके फायदों से रूबरू करवाना था। सिटी थाना प्रभारी (एसएचओ) इंस्पेक्टर जरनैल सिंह और जैन चौक चौकी इंचार्ज मनीष वालिया की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद हुआ। इस मौके पर साइबर सेल की विशेष टीम से अमन, पवन, राजकुमार और सुखबीर भी मौजूद रहे, जिन्होंने तकनीकी पहलुओं पर क्षेत्रवासियों की शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम के दौरान इंस्पेक्टर जरनैल सिंह और चौकी इंचार्ज मनीष वालिया ने विस्तार से बताया कि अभेद्य ऐप साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम है।

उन्होंने बताया कि यह ऐप मोबाइल पर आने वाली संदिग्ध और फर्जी कॉल्स को पहचानने और उन्हें ब्लॉक करने में सक्षम है। यही नहीं फोन पर धमकी देने वाले या ठगी का प्रयास करने वाले आरोपियों को ट्रैक करने में यह ऐप पुलिस के लिए ब्रह्मास्त्र साबित हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि इस ऐप के सक्रिय होने से नागरिक अपनी निजी जानकारी को सुरक्षित रख सकते हैं। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी हर दिन नए तरीके अपना रहे हैं। अभेद्य ऐप न केवल नागरिकों को सतर्क करेगी, बल्कि यह पुलिस और जनता के बीच एक सुरक्षा कवच की तरह काम करेगी। हम चाहते हैं कि हर नागरिक इसे अपने फोन में इंस्टॉल करे ताकि वे सुरक्षित रह सकें। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे तकनीक का प्रयोग सावधानी से करें और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग का लक्ष्य हर व्यक्ति तक इस ऐप की जानकारी पहुँचाना है ताकि भिवानी को साइबर फ्री जोन बनाया जा सके। इस अवसर पर अग्रवाल सभा से प्रधान सुनील सर्राफ, मामन साड़ी वाले, टैणी, भोली एमसी, सुरेश व विनोद डब्बेवाले, कल्लू राजपूत, स्वामी जीतू धानक समाज कल्याण सेवा समिति से प्रधान राजकुमार सोलंकी, प्रदीप किराड़, बबलू हलवाई व हरीश डेयरी वाले, नरेश सैनी प्रधान सैनी पंचायत हनुमान ढ़ाणी, विजय दहिया, रिंकू, सन्नी इटकान सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।