Jumpers Gangs Arrested Mayank Mishra News: अपराधियों पर भिवानी पुलिस का बड़ा प्रहार: 200 बेल जंपर और 11 उद्घोषित आरोपी गिरफ्तार, 5 गिरोहों का पर्दाफाश
अपराधियों पर भिवानी पुलिस का बड़ा प्रहार: जनवरी से अक्टूबर 2026 तक 11 उदघोषित आरोपी, 200 बेल जंपर व 230 एनआई एक्ट के उदघोषित आरोपी गिरफ्तार।
विभिन्न मामलों में फरार चल रहे 21 आरोपियों को किया गिरफ्तार, इन पर था कुल 01 लाख 30 हजार रुपये का इनाम।
हत्या के मामले में 25 हजार रुपये के इनामी मोस्ट वांटेड आरोपी को सीआईए स्टाफ-2 भिवानी ने किया गिरफ्तार।
चोरी व अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले 05 गिरोहों का किया पर्दाफाश, 40 आरोपी गिरफ्तार, 23 वारदातों का खुलासा।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस के निर्देशन में जिला पुलिस भिवानी द्वारा जनवरी से अक्टूबर 2026 तक अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर उदघोषित आरोपियों, मोस्ट वांटेड अपराधियों, इनामी अपराधियों, बेल जंपर तथा जिले में गिरोह बनाकर चोरी व अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलताएं हासिल की गई हैं।
उदघोषित आरोपियों व बेल जंपरों के विरुद्ध कार्रवाई:
जिला पुलिस द्वारा जनवरी से अक्टूबर 2026 तक विभिन्न मामलों में 11 उदघोषित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं पुलिस टीमों ने न्यायालय से जमानत मिलने के बाद निर्धारित शर्तों का उल्लंघन कर फरार चल रहे 200 बेल जंपर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इसके अतिरिक्त एनआई एक्ट के तहत 230 उदघोषित आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
इनामी व मोस्ट वांटेड अपराधियों पर कार्रवाई:
जिला पुलिस एवं अपराध शाखा यूनिट की टीमों द्वारा विभिन्न अभियोगों में फरार चल रहे कुल 1 लाख 30 हजार रुपये के इनामी 21 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई है। वहीं सीआईए स्टाफ-2 भिवानी की टीम ने हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी मोस्ट वांटेड आरोपी को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
अपराधिक गिरोहों पर कार्रवाई, 05 गिरोहों का किया पर्दाफाश:
जिला पुलिस द्वारा जिले में गिरोह बनाकर चोरी व अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले 05 गिरोहों का पर्दाफाश करते हुए उनके 40 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा इन गिरोहों के सदस्यों को गिरफ्तार कर कुल 23 आपराधिक वारदातों का खुलासा किया गया है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 6 लाख 95 हजार रुपये की चोरीशुदा संपत्ति बरामद करने में सफलता हासिल की गई है।
पुलिस अधीक्षक भिवानी का संदेश:
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों तथा आपराधिक गिरोहों के सदस्यों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जिले में अपराध और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। भविष्य में भी अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति से डरने की आवश्यकता नहीं है। यदि किसी को किसी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। जिला पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर है।