सीआईए स्टाफ-2 भिवानी ने एक व्यक्ति को अवैध हथियार व कारतूस सहित किया गिरफ्तार।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वाले अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ-2 भिवानी ने एक व्यक्ति को अवैध हथियार व कारतूस सहित गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
दिनांक 24.06.2026 को सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के मुख्य सिपाही नरेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ अपराध रोकथाम एवं गश्त-पड़ताल ड्यूटी पर गांव खरकड़ी बस अड्डा क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को एक विश्वसनीय सूत्र से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति बिना नंबर प्लेट लगी इग्निस कार में बापोड़ा से खरकड़ी की तरफ आ रहा है तथा उसके पास अवैध हथियार व कारतूस हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने गांव खरकड़ी क्षेत्र में नाकाबंदी की। कुछ समय बाद सूचना के अनुसार एक बिना नंबर प्लेट की इग्निस कार आती दिखाई दी, जिसे पुलिस टीम ने रुकवाकर चालक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो देशी पिस्तौल एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने कार को भी कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनदीप पुत्र सुदर्शन निवासी गांव बापोड़ा, जिला भिवानी के रूप में हुई है।
आरोपी के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम के तहत थाना सदर भिवानी में अभियोग अंकित कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई। पुलिस टीम ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में हत्या, अपहरण एवं लड़ाई-झगड़े सहित पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त थाना फुलेरा, जिला जयपुर (राजस्थान) में हत्या का एक मामला भी दर्ज है, जिसमें आरोपी वर्तमान में जमानत पर है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बरामद हथियार वह जयपुर से अपनी निजी सुरक्षा के लिए लेकर आया था। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से हथियारों की खरीद-फरोख्त एवं अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में गहनता से पूछताछ की जाएगी।

