Bhiwani Crime News: बवानी खेड़ा क्षेत्र में खेतों में चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान खरीदने वाला भी पकड़ाया
भिवानी की स्पेशल स्टाफ ईशरवाल टीम ने खेतों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन मुख्य आरोपियों और चोरी का सामान खरीदने वाले चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है।
स्पेशल स्टाफ ईशरवाल ने बवानी खेड़ा क्षेत्र में चार स्थानों पर खेत में चोरी की वारदातों में शामिल तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, चोरी का सामान खरीदने वाले चौथे आरोपी को भी किया गिरफ्तार।
पुलिस अधीक्षक, भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस द्वारा जिला पुलिस को जिले में खेतों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों की धरपकड़ कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए स्पेशल स्टाफ ईशरवाल के इंचार्ज उप निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व वाली टीम ने खेतों में चोरी की वारदातों में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था।
दिनांक 08.10.2026 को गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दीपक पुत्र बिट्टू निवासी बलियाली, नरेश पुत्र टेकचंद निवासी बलियाली तथा संदीप पुत्र राम प्रताप निवासी वार्ड नंबर-19, बरवाला, हिसार के रूप में हुई है।
पुलिस रिमांड के दौरान गहनता से पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गांव भुरटाना में खेतों में दो स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। इसके अतिरिक्त आरोपियों द्वारा गांव बलियाली में भी 02 खेतों से मोटर व इंजन चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर चोरी का सामान खरीदने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने विशाल पुत्र कृष्ण निवासी गोराना हांसी को दिनांक 10.10.2026 को गिरफ्तार किया।
पुलिस टीम ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक इंजन, एक मोटर, दो पंखे तथा चोरी की वारदातों में प्रयोग की गई टाटा मैजिक गाड़ी बरामद करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद आरोपी दीपक, नरेश व संदीप को माननीय न्यायालय के आदेशानुसार जिला कारागार भेज दिया गया, जबकि आरोपी विशाल को रिहा किया गया है।
अभियोग में अनुसंधान जारी है। पुलिस द्वारा वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अन्य आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।