सीआईए स्टाफ-2 भिवानी ने कृष्णा कॉलोनी में घर का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार।
आरोपी शातिर एवं आदतन चोर, जिसके विरुद्ध भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक तथा राजस्थान के अलवर में कुल 21 अभियोग दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा घरों में चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ-2 भिवानी की टीम ने कृष्णा कॉलोनी में घर का ताला तोड़कर चोरी करने की वारदात में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
इस संबंध में शिकायतकर्ता श्रीमती सुनील कुमारी निवासी कृष्णा कॉलोनी, भिवानी ने थाना शहर भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि दिनांक 20.04.2026 की रात को वह किसी कार्यवश घर से बाहर गई हुई थीं। अगले दिन 21.04. 2026 को जब वह वापस घर पहुंचीं तो देखा कि घर के ताले टूटे हुए थे तथा अज्ञात व्यक्ति घर से सोना-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए थे। शिकायत के आधार पर थाना शहर भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित कर जांच शुरू की गई।
मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के मुख्य सिपाही अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिनांक 15.06. 2026 को कोर्ट परिसर भिवानी से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
✍️*गिरफ्तार आरोपी की पहचान अक्षय पुत्र समुद्र निवासी बृजवासी कॉलोनी, भिवानी के रूप में हुई।*
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 05 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। रिमांड अवधि के दौरान गहन पूछताछ एवं आरोपी की निशानदेही पर करीब 11 लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए सोना-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
✍️ बरामद किए गए सामान में एक चांदी का गिलास, एक जोड़ी चांदी की पाजेब, एक चांदी की चम्मच, एक चांदी का सिक्का, सोने के तीन जोड़ी टॉप्स, सोने की दो जोड़ी झुमकी, लॉकेट सहित एक सोने की चेन तथा एक साधारण सोने की चेन शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी एक शातिर एवं आदतन चोर है, जिसके विरुद्ध जिला भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक तथा राजस्थान के अलवर जिले में चोरी सहित विभिन्न धाराओं के तहत कुल 21 अभियोग पूर्व में दर्ज हैं।
पुलिस रिमांड समाप्त होने उपरांत आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश जारी किए गए।

