Bhiwani Police Action: ऑनलाइन व्यापार के नाम पर धोखाधड़ी करने वाला तौशिफ गिरफ्तार, भिवानी पुलिस की बड़ी कामयाबी
भिवानीं पुलिस ने 2.56 लाख की धोखाधड़ी मामले में दूसरे आरोपी को लुधियाना से किया गिरफ्तार,
पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार, आईपीएस द्वारा जिला पुलिस को आम नागरिकों के साथ उनकी मेहनत की कमाई से धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए जिला अनुसंधान इकाई ने ₹ 2,56,000/- की धोखाधड़ी करने के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
शिकायतकर्ता श्यामसुंदर निवासी भारत नगर, भिवानी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कोविड-19 के कारण आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था इसी दौरान आरोपियों द्वारा उससे संपर्क कर लुधियाना की एक फर्म के नाम से व्हाट्सऐप पर बातचीत की गई तथा माल उपलब्ध करवाने का भरोसा दिलाया गया। शिकायतकर्ता ने आरोपियों पर विश्वास करते हुए उनके बताए अनुसार माल भिजवा दिया। बाद में संबंधित फर्म के पास माल की डिलीवरी नहीं हुई और पूछताछ करने पर उसे पता चला कि आरोपियों ने अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उसके द्वारा भेजा गया माल हड़प लिया है। आरोपियों द्वारा उसे कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने धोखाधड़ी कर उसकी मेहनत की कमाई को नुकसान पहुंचाया। इस संबंध में शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी। शिकायत के आधार पर थाना औद्योगिक क्षेत्र भिवानी में अभियोग संख्या 112, दिनांक 17.05.2024, धारा 406, 420, 506 आईपीसी के तहत अभियोग दर्ज किया गया था।
दिनांक 18.08.2026 को अभियोग में प्रभावी कार्रवाई करते हुए जिला अनुसंधान इकाई के एएसआई सोमबीर सिंह ने धोखाधड़ी के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
✍️ गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान तौशिफ पुत्र अशफाक, निवासी लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी से ₹ 20,000/- की नकदी बरामद की गई है।
वहीं, अभियोग में आरोपी के पिता अशफाक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।

