Bhiwani Kidnapping and Assault Case: भिवानी में युवक को गाड़ी में अगवा कर पीटने वाले 6 बदमाश गिरफ्तार, भेजे गए जेल

भिवानी के सिविल लाइन थाना पुलिस ने मारपीट, अपहरण और जान से मारने की धमकी देने के मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
 
भिवानी पुलिस रिमांड

थाना सिविल लाईन भिवानी पुलिस ने मारपीट, अपहरण, जान से मारने की धमकी सहित अन्य संगीन धाराओं में दर्ज मामले में छह आरोपियों को किया गिरफ्तार।

पुलिस टीम ने आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर किया था हासिल।

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस द्वारा जिला पुलिस को जिले में संगीन अपराधों की वारदातों में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए थाना सिविल लाइन भिवानी पुलिस की पुलिस चौकी सेक्टर-13 टीम ने अभियोग में छः आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

 शिकायतकर्ता अंकित, जो हाल किरायेदार सेक्टर-13 भिवानी में रहता है, ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसका छोटा भाई हिमांशु भी उसके साथ रहता है। हिमांशु कपड़ा मिल में प्राइवेट नौकरी करता है तथा कार सेल का कार्य भी करता है। हिमांशु का अपने कुछ दोस्तों के साथ झगड़ा होने के कारण उसके विरुद्ध पुलिस चौकी जैन में मामला दर्ज था।

शिकायतकर्ता के अनुसार दिनांक 14.07.2026 की सुबह करीब 04 बजे उसके पास उसके दोस्त सचिन का फोन आया और उसे अपने पास बुलाया गया। बाद में लोकेशन मिलने पर शिकायतकर्ता बाइक लेकर सेक्टर-13 की छोटी मार्केट के पास पहुंचा, जहां 2-3 गाड़ियां खड़ी थीं और करीब 10-15 लड़के मौजूद थे। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को देखते ही उसके साथ मारपीट करने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता बाइक लेकर वहां से निकलने लगा तो आरोपियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया तथा जबरदस्ती एक गाड़ी में बैठाकर शहर से बाहर खेतों में ले गए। वहां आरोपियों ने उसके साथ लात-घूंसों व डंडों से मारपीट की तथा उसे धमकाया। मारपीट के दौरान आरोपी शिकायतकर्ता के भाई हिमांशु को लेकर रंजिश की बात कहते हुए उसे धमकाते रहे। बाद में शिकायतकर्ता को रोहतक गेट के पास छोड़कर फरार हो गए तथा उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

पुलिस द्वारा शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए अभियोग दर्ज किया गया था। पुलिस चौकी सेक्टर-13 के  एएसआई प्रवेश कुमार की टीम ने दिनांक 19.08. 2026 को मामले में छः आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीशक पुत्र अशोक कुमार निवासी भारत नगर भिवानी, सिद्धार्थ पुत्र अनिल कुमार निवासी डीसी कॉलोनी भिवानी, महेश पुत्र कृष्ण कुमार निवासी हनुमान गेट भिवानी, राकेश पुत्र जयकुमार निवासी बैंक कॉलोनी भिवानी, विशाल पुत्र पवन निवासी पतराम गेट भिवानी तथा विशाल पुत्र निवास निवासी हनुमान गेट भिवानी के रूप में हुई है।

पुलिस टीम द्वारा सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया था। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ की गई। पुलिस द्वारा आरोपी सिद्धार्थ, महेश व विशाल से एक-एक डंडा बरामद किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने रंजिश के चलते शिकायतकर्ता अंकित के साथ मारपीट की थी।

रिमांड अवधि पूर्ण होने के बाद आज सभी आरोपियों को पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय द्वारा आरोपियों को जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।