सवा साल से फरार ₹5 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, दो देसी कट्टे और 7 कारतूस बरामद
भिवानी में सीआईए स्टाफ-द्वितीय ने सवा साल से फरार 5,000 रुपये के इनामी अपराधी संजय को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से देसी कट्टे और कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थाना एवं विशेष इकाइयों को फरार एवं इनामी अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों की पालना करते हुए सीआईए स्टाफ-द्वितीय भिवानी की टीम ने सवा साल से फरार चल रहे ₹ 5,000 के इनामी अपराधी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
डीएसपी क्राइम श्री अनूप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 04.04.2025 को थाना तोशाम में शिकायतकर्ता सुभाष की शिकायत पर अभियोग दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने उसके बेटे रवि तथा भाई विजेद्र के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर चोटें पहुंचाई थीं। इस मामले में पुलिस द्वारा पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि एक आरोपी पिछले लगभग सवा साल से फरार चल रहा था। फरार आरोपी पर ₹ 5,000 का इनाम भी घोषित किया गया था।
दिनांक 25 जुलाई 2026 को सीआईए स्टाफ-द्वितीय भिवानी के प्रभारी उप निरीक्षक दशरथ के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को तोशाम क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय पुत्र बीर सिंह निवासी गांव दांग कला, थाना तोशाम, जिला भिवानी के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम द्वारा आरोपी को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन आरोपी ने अपनी मोटरसाइकिल से पुलिस कर्मचारियों एवं बैरिकेड (बैरियर गेट) में टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से दो देसी कट्टे एवं सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध थाना तोशाम में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग भी दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके विरुद्ध पूर्व में लड़ाई-झगड़ा, मारपीट, अपहरण, आबकारी अधिनियम, जान से मारने की धमकी तथा शस्त्र अधिनियम सहित कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि उससे गहन पूछताछ कर अन्य मामलों के संबंध में भी जानकारी हासिल की जा सके। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।

