सीआईए स्टाफ-2 भिवानी ने अवैध शराब तस्करी मामले में तीसरे आरोपी को किया गिरफ्तार, आरोपी से ₹ 5,000 बरामद।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब की तस्करी करने वालों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 480 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब व बीयर बरामदगी के मामले में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए सीआईए स्टाफ-2 भिवानी ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
उक्त मामले का अनुसंधान कर रहे सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के मुख्य सिपाही ओम प्रकाश ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी साहिल उर्फ सोनू पुत्र मोहम्मद, निवासी फेस-2, सेक्टर-26, चंडीगढ़ को खरकड़ी मोड़ के निकट एनएच-152डी से गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी साहिल ने बताया कि मनीमाजरा रेलवे लाइन के पास स्थित शराब ठेके में उसकी साझेदारी है। उसने फेस-1 स्थित भूषण पार्किंग, चंडीगढ़ से पहले गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से कंटेनर ट्राला लेकर अपने ठेके पर उसमें करीब 20 लाख रुपये कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब व बीयर लोड करवाई तथा बाद में कंटेनर ट्राला पुनः भूषण पार्किंग में दोनों आरोपियों को सौंप दिया। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि इस कार्य के बदले उसे अग्रिम रूप से ₹ 35,000 प्राप्त हुए थे। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से ₹ 5,000 बरामद किए हैं।
उक्त मामले में पहले ही कंटेनर ट्राला सहित 480 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब व बीयर बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में थाना जुई कलां में हरियाणा आबकारी अधिनियम, 2020 के तहत दर्ज अभियोग में अनुसंधान जारी है।
आज दिनांक 22 जुलाई 2026 को आरोपी साहिल को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने आरोपी को जिला कारागार भेजने के आदेश दिए।
पुलिस अधीक्षक श्री सुमित कुमार, आईपीएस ने कहा कि अवैध शराब की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं पूरे नेटवर्क के संबंध में पुलिस द्वारा गहनता से जांच की जा रही है तथा सभी दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

