भिवानी: स्पेशल स्टाफ ने चोरी की वारदात सुलझाई, 3 आरोपी गिरफ्तार

भिवानी के गांव बड़वा में चोरी के मामले में स्पेशल स्टाफ ने तीन आरोपियों को पकड़ा। 5 लाख रुपये के गहने और नकदी शत-प्रतिशत बरामद। जानें पूरी खबर।

 
सिवानी पुलिस कार्रवाई

स्पेशल स्टाफ ईशरवाल ने गांव बड़वा में घर से चोरी की वारदात करने के मामले में तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण व नकदी बरामद।

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के द्वारा जिला पुलिस को जिले में घरों में चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए गए थे। जो इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए स्पेशल स्टाफ ईशरवाल की टीम ने घर में चोरी की वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

रोहतास निवासी गांव बड़वा ने थाना सिवानी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह दिनांक 28.05.2026 को अपने परिवार सहित पंजाब गया हुआ था। दिनांक 31.05.2026 की रात को जब वह वापस अपने घर पहुंचा तो देखा कि घर के ताले टूटे हुए थे तथा घर में रखे लॉकर से आरोपी सोने-चांदी के आभूषण व ₹ 5000 नगद चोरी करके ले गए थे। शिकायत पर थाना सिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया था। 

अभियोग में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दिनांक 06.06.2026 को स्पेशल स्टाफ ईशरवाल के मुख्य सिपाही तेजपाल ने घर में चोरी की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गांव बड़वा से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। 

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गिरधारी पुत्र ओमप्रकाश निवासी बड़वा तथा समीर पुत्र सुरजीत निवासी बड़वा के रूप में हुई है।

पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने चोरी किए गए आभूषण एक ज्वेलर्स को बेच दिए थे। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने चोरी के आभूषण खरीदने के मामले में एक ज्वेलरी शॉप संचालक को दिनांक 07.06.2026 को सिवानी से गिरफ्तार किया। 

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान नरेंद्र पुत्र रोहतास निवासी बड़वा जिला भिवानी के रूप में हुई है।

पुलिस टीम द्वारा आरोपियों से चोरी किए गए लगभग ₹ 04 लाख 95 हजार कीमत के सोने-चांदी के आभूषण तथा ₹ 5000 नगद बरामद किए गए हैं। पुलिस टीम द्वारा मामले में 100 प्रतिशत बरामदगी की जा चुकी है।

आरोपी गिरधारी व समीर नशा करने के आदी हैं जो अपने नशे की पूर्ति के लिए घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस टीम ने आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी गिरधारी व समीर को जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए हैं, जबकि आरोपी नरेंद्र को जमानत पर रिहा किया गया है।