सीआईए स्टाफ-प्रथम भिवानी ने सामान्य अस्पताल के वार्ड से मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस द्वारा जिला पुलिस को जिले में चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों की पालना करते हुए सीआईए स्टाफ-प्रथम, भिवानी ने सामान्य अस्पताल भिवानी के वार्ड से मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
शिकायतकर्ता ढिगावा जाटान निवासी एक युवती ने थाना शहर भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने पिता की आंख का ऑपरेशन करवाने के लिए सामान्य अस्पताल भिवानी में आई हुई थी। 13.07.2026 की रात को सामान्य अस्पताल के वार्ड नंबर-5 में सोते समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका तथा उसके पिता का मोबाइल फोन चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर थाना शहर भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान 31.07.2026 को सीआईए स्टाफ-प्रथम भिवानी के मुख्य सिपाही सुनील ने अपनी टीम के साथ प्रभावी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को बावड़ी गेट, भिवानी से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम पुत्र प्रवीण कुमार, निवासी बावड़ी गेट, भिवानी तथा नवीन पुत्र सुनील, निवासी बावड़ी गेट, भिवानी के रूप में हुई है।
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे नशा करने के आदी हैं तथा नशे की पूर्ति के लिए मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गौतम के विरुद्ध पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं।
दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए।

