SP Mayank Mishra Directives: एसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में भिवानी पुलिस का एक्शन, अवैध गतिविधियों में लिप्त 164 ड्रग तस्कर दबोचे

भिवानी में जनवरी से अगस्त तक अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई। एनडीपीएस, आबकारी और शस्त्र अधिनियम के तहत ताबड़तोड़ गिरफ्तारियां।
 
illegal liquor seizure Haryana

जिला पुलिस भिवानी द्वारा जिले में मादक पदार्थों की बिक्री व तस्करी, सट्टा-जुआ, अवैध शराब तथा बिना लाइसेंस अवैध हथियार रखने व सप्लाई करने वाले आरोपियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी पुलिस कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

01 जनवरी 2026 से 31 अगस्त 2026 तक जिला पुलिस भिवानी द्वारा विभिन्न अवैध गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध की गई प्रभावी कार्रवाई।

1.  एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई:

जिला पुलिस भिवानी द्वारा पिछले 08 महीनों के दौरान जिले में मादक पदार्थों की बिक्री व तस्करी में शामिल आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 76 अभियोग दर्ज कर 164 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों के कब्जे से 01 किलो 41 ग्राम अफीम, 01 किलो 243 ग्राम चरस, 40 ग्राम 61 मिलीग्राम स्मैक, 15 किलो 79 ग्राम डोडा पोस्त, 24 किलो 807 ग्राम गांजा तथा 09 किलो 891 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। इसके अतिरिक्त पुलिस द्वारा 573 प्रतिबंधित टैबलेट तथा 06 इंजेक्शन भी बरामद किए गए हैं।

2.  जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई:

जिला पुलिस भिवानी द्वारा जिले में सार्वजनिक स्थानों पर सट्टा व जुआ खेलने वाले आरोपियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इस अवधि के दौरान जुआ एवं सट्टा खेलने वाले आरोपियों के विरुद्ध 39 अभियोग दर्ज कर 117 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से 13,14,310/- रुपये की सट्टा राशि/जुआ राशि बरामद की गई है।

3.  आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई:

जिला पुलिस भिवानी द्वारा अवैध शराब रखने, बेचने व तस्करी करने वाले आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 82 अभियोग दर्ज कर 102 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों के कब्जे से 7,446 बोतल देशी शराब, 11,168 बोतल अंग्रेजी शराब, 2,986 बोतल बीयर, 30 बोतल अवैध शराब के हथकड़ तथा 20 लीटर लहन बरामद किया गया है।

4.  शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई:

जिला पुलिस भिवानी द्वारा जिले में बिना लाइसेंस अवैध हथियार रखने तथा अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 46 अभियोग दर्ज कर 68 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई है। पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों के कब्जे से 41 पिस्तौल, 01 रिवॉल्वर, 02 बंदूक, 02 मैगजीन तथा 85 कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस का कहना है कि—

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा ने जिला पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं कि जिले में मादक पदार्थों की बिक्री व तस्करी करने वाले, सार्वजनिक स्थानों पर सट्टा-जुआ खेलने वाले, बिना लाइसेंस अवैध शराब रखने व बेचने वाले तथा अवैध हथियार रखने एवं उनकी सप्लाई में शामिल आरोपियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाए। जिला पुलिस द्वारा ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कोई अवैध अथवा आपराधिक गतिविधि होती है तो इसकी सूचना तुरंत जिला पुलिस को दें। सूचना प्राप्त होने पर पुलिस द्वारा संबंधित आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम व पता पूर्ण रूप से गोपनीय रखा जाएगा।