भिवानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6 महीने में 300+ अपराधी गिरफ्तार, 5 गिरोह बेनकाब

भिवानी पुलिस की बड़ी सफलता! जनवरी से जून 2026 के बीच 122 बेल जंपर और 200 पीओ (PO) गिरफ्तार। 5 आपराधिक गिरोहों का हुआ पर्दाफाश। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

 
आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश

जिला पुलिस भिवानी द्वारा जिले में उदघोषित आरोपी, इनामी अपराधियों व गिरोह बनाकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी पुलिस कार्रवाई लगातार जारी।

जिला पुलिस भिवानी द्वारा जिले में उदघोषित आरोपी, इनामी अपराधियों तथा गिरोह बनाकर विभिन्न प्रकार की आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी पुलिस कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस द्वारा ऐसे अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने तथा कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

इस वर्ष जनवरी से जून 2026 तक जिला पुलिस भिवानी ने इनामी अपराधियों, उदघोषित आरोपियों तथा विभिन्न संगीन वारदातों में फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर अनेक मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। साथ ही जिले में सक्रिय आपराधिक गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए अपराध नियंत्रण की दिशा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा जनवरी से जून 2026 तक निम्नलिखित उपलब्धियां हासिल की गई हैं। 

✍️ जिला पुलिस ने पिछले छ महीनों के दौरान 122 बेल जंपर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इसके अतिरिक्त पुलिस ने 200 उदघोषित (पी.ओ.) आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

✍️ इसी अवधि में जिला पुलिस ने ₹ 5,000/- रुपए के इनाम घोषित 10 अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। ये आरोपी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भारतीय न्याय संहिता की संगीन धाराओं के तहत दर्ज अभियोगों में फरार चल रहे थे और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे।

✍️ जिला पुलिस ने पिछले छ महीनों के दौरान गिरोह बनाकर विभिन्न आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले पांच आपराधिक गिरोहों का पर्दाफाश किया है। इन गिरोहों में मोटर वाहन चोरी, हत्या का प्रयास, पशु चोरी, भेड़-बकरी चोरी तथा अन्य चोरी की वारदातों में संलिप्त अपराधी शामिल थे। पुलिस ने इन गिरोहों के 23 आरोपियों को गिरफ्तार कर 17 आपराधिक वारदातों का सफलतापूर्वक खुलासा किया।

✍️ गिरफ्तार आरोपियों से ₹ 6,67,000 मूल्य की चोरीशुदा संपत्ति बरामद की गई। 

✍️ इसके साथ ही जिला पुलिस ने हरियाणा के विभिन्न जिलों में स्कूलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का भी पर्दाफाश कर उसके सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस ने जिले के सभी अपराध शाखा प्रभारियों, थाना प्रबंधकों एवं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त, गिरोह बनाकर वारदात करने वाले तथा फरार चल रहे आरोपियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजना सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले में कानून व्यवस्था, शांति, सुरक्षा तथा आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।