भिवानी पुलिस का एक्शन: 4 महीने में 256 अपराधी गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशा व हथियार बरामद

एसपी सुमित कुमार के नेतृत्व में भिवानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई। जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच नशा, अवैध शराब और हथियार तस्करी के 137 मामले दर्ज, 256 आरोपी गिरफ्तार।

 
हरियाणा पुलिस अपडेट

जिला पुलिस भिवानी द्वारा जिले में मादक पदार्थ अधिनियम, जुआ अधिनियम, आबकारी अधिनियम व शस्त्र अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला पुलिस द्वारा 01 जनवरी 2026 से लेकर 30 अप्रैल 2026 तक कुल विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 137 अभियोग दर्ज कर कुल 256 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई है।

मादक पदार्थ के विरुद्ध कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा पिछले 04 महीनों में मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 42 अभियोग दर्ज कर 80 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों के कब्जे से 696 ग्राम अफीम, 15 किलो 79 ग्राम डोडा पोस्त, 19 किलो 839 ग्राम गांजा तथा 583 ग्राम 353 मिलीग्राम हेरोइन व 650 ग्राम चरस, 133 प्रतिबंधित टैबलेट व 6 इंजेक्शन बरामद करने में सफलता हासिल की गई।

जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई
जिला पुलिस द्वारा जिले में विभिन्न स्थानों पर सट्टा व जुआ खेलने वाले आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 22 अभियोग दर्ज कर 80 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों के कब्जे से 6,08,370 रुपये की नगद राशि बरामद की गई है।

आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई
जिला पुलिस द्वारा बिना लाइसेंस के अवैध शराब बेचने वाले आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पिछले 04 महीनों में 53 अभियोग दर्ज कर 64 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों के कब्जे से 1,966 बोतल देसी शराब, 08 बोतल शराब हथकढ, 6,488 बोतल अंग्रेजी शराब तथा 604 बोतल बियर व 20 लीटर लाहन बरामद किया गया है।

शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई
जिला पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वाले आरोपियों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करते हुए शस्त्र अधिनियम के तहत 20 अभियोग दर्ज कर 32 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों के कब्जे से 19 अवैध पिस्तौल, एक बंदूक तथा 17 कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक का संदेश
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार ने सभी थाना प्रबंधकों, चौकी इंचार्ज तथा अपराध यूनिट इंचार्ज को निर्देश दिए हैं कि जिले में जुआ-सट्टा, अवैध शराब की बिक्री, मादक पदार्थों की तस्करी तथा अवैध हथियार रखने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए।

जनता से अपील
जिला पुलिस भिवानी आम नागरिकों से अपील करती है कि यदि कहीं भी नशे की तस्करी, जुआ-सट्टा, अवैध शराब बिक्री या अवैध हथियार रखने जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित थाना या पुलिस चौकी को दें, ताकि जिले को नशा मुक्त व अपराध मुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग किया जा सके।