Bhiwani Police Cyber Security Awareness Month: अक्टूबर में चलेगा विशेष अभियान, '1930' हेल्पलाइन के बारे में दी जाएगी जानकारी
भिवानी पुलिस द्वारा अक्टूबर माह को साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के रूप में मनाया जा रहा है। '1930' हेल्पलाइन और साइबर ठगी से बचाव पर विशेष जोर रहेगा।
अक्टूबर माह में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाएगी भिवानी पुलिस, 1930 हेल्पलाइन पर रहेगा विशेष फोकस।
“STOP–THINK–TAKE ACTION” थीम के तहत आम नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं विभिन्न वर्गों को साइबर अपराधों के प्रति किया जाएगा जागरूक।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, IPS के निर्देशानुसार जिला पुलिस भिवानी द्वारा अक्टूबर माह को राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह (National Cybersecurity Awareness Month) के रूप में मनाया जा रहा है। इस दौरान जिला पुलिस द्वारा पूरे माह विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम, स्कूल-कॉलेजों में साइबर जागरूकता सेमिनार, आम नागरिकों एवं व्यापारियों के लिए जागरूकता अभियान तथा सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की जाएगी। इस अभियान की थीम “STOP–THINK–TAKE ACTION” रखी गई है।

अभियान के दौरान आम नागरिकों को वर्तमान समय में होने वाले विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों जैसे डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी, UPI एवं बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी कस्टमर केयर, फिशिंग, OTP/KYC फ्रॉड, फर्जी पुलिस/सरकारी अधिकारी बनकर वीडियो कॉल करना, QR कोड स्कैम तथा मालिशियस APK लिंक आदि के संबंध में जागरूक किया जाएगा। साथ ही नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव के उपाय, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, OTP/PIN/CVV साझा न करने तथा किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन भुगतान न करने के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
अभियान के पहले दिन थाना साइबर क्राइम भिवानी की टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना साइबर क्राइम भिवानी के विष्णु कुमार ने अपनी टीम के साथ विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए साइबर ठगी से बचने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी।

साईबर ठगी होने पर 1930 पर तुरंत करें शिकायत
अभियान के पहले दिन 1 अक्टूबर के निर्धारित विषय “Know Your Cyber Helpline – 1930” के बारे में विशेष रूप से जागरूक किया गया। विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन साइबर ठगी हो जाती है तो उसे घबराने या चुप बैठने के बजाय तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करनी चाहिए। साइबर अपराध में समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ठगी के तुरंत बाद शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसियों द्वारा लेन-देन को रोकने अथवा ठगी की राशि को आगे ट्रांसफर होने से रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है। इसलिए साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में “गोल्डन ऑवर” के दौरान तत्काल 1930 पर रिपोर्ट करना बेहद महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही नागरिकों को साइबर अपराध की शिकायत संबंधित पोर्टल/पुलिस के माध्यम से दर्ज कराने तथा उपलब्ध साक्ष्य जैसे स्क्रीनशॉट, मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजेक्शन विवरण आदि सुरक्षित रखने के बारे में भी जानकारी दी गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, IPS के निर्देशानुसार अक्टूबर माह के दौरान जिला पुलिस द्वारा लगातार साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, व्यापारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों के नए तरीकों के बारे में जानकारी देकर उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला पुलिस का उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक साइबर अपराध के प्रति जागरूक हो और किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में बिना देरी किए 1930 पर शिकायत कर सके।