Bhiwani Police News: चार पुलिस कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त, डीएसपी क्राइम अनूप कुमार ने फूलमाला और पगड़ी पहनाकर किया सम्मानित

भिवानी पुलिस विभाग में चार पुलिस कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह आयोजित किया गया। डीएसपी क्राइम अनूप कुमार ने उन्हें सम्मानित किया।

 
DSP Crime Anoop Kumar

जिला पुलिस भिवानी में कार्यरत चार पुलिस कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह का आयोजन।

सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों ने पुलिस विभाग को 17 से 34 वर्ष तक दी अपनी सेवाएं।

जिला भिवानी में कार्यरत चार पुलिस कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने पर आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीएसपी क्राइम भिवानी श्री अनूप कुमार तथा जिला निरीक्षक इंस्पेक्टर नफे सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस कर्मचारियों को फूलमाला एवं पगड़ी पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

आज सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस कर्मचारियों में उप निरीक्षक चरण सिंह, जिन्होंने पुलिस विभाग में 34 वर्ष का सेवाकाल पूरा किया; उप निरीक्षक जय सिंह, जिन्होंने 34 वर्ष तक पुलिस विभाग को अपनी सेवाएं दीं; मुख्य सिपाही मनोज कुमार, जिन्होंने 17 वर्ष का सेवाकाल पूरा किया तथा मुख्य सिपाही सतप्रकाश, जिन्होंने 17 वर्ष तक पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दी हैं।

इस अवसर पर डीएसपी क्राइम भिवानी श्री अनूप कुमार ने सेवानिवृत्त हो रहे सभी पुलिस कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी कर्मचारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान मेहनत, लगन एवं ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है। उनकी सेवाएं पुलिस विभाग के लिए महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक रही हैं। वर्तमान में कार्यरत पुलिस कर्मचारियों को भी सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों के सेवाकाल से प्रेरणा लेकर पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के साथ सभी कर्मचारी जीवन के एक नए पड़ाव में प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखद एवं खुशहाल भविष्य की कामना की। साथ ही कहा कि पुलिस विभाग द्वारा भविष्य में भी उन्हें हर संभव सहयोग एवं सहायता प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस कर्मचारियों से आह्वान किया गया कि वे आगे भी समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा पुलिस विभाग के साथ अपना तालमेल एवं सहयोग निरंतर बनाए रखें।

विदाई समारोह के दौरान पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस कर्मचारियों के परिजन उपस्थित रहे।