Isharwal Two Arrested 124 Kg News 2026: डोडा पोस्त तस्करी मामले में भिवानी पुलिस को बड़ी सफलता: स्पेशल स्टाफ ईशरवाल ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
डोडा पोस्त तस्करी मामले में भिवानी पुलिस को बड़ी सफलता, स्पेशल स्टाफ ईशरवाल ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, 124 किलो 950 ग्राम डोडा पोस्त बरामदगी मामले में दूसरे आरोपी को हिसार से दबोचा।
पुलिस रिमांड के दौरान हुए खुलासे के आधार पर दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी, आरोपी मुकेश को तस्करी के लिए गाड़ी चलाने के बदले मिले थे 20 हजार रुपये
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस द्वारा नशा तस्करों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने तथा मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी अभियान के तहत स्पेशल स्टाफ ईश्वरवाल की टीम ने डोडा पोस्त तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की थार गाड़ी से कुल 124 किलो 950 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया था। मामले में पहले गिरफ्तार आरोपी विक्रम को पुलिस रिमांड पर लेकर की गई पूछताछ के आधार पर दूसरे आरोपी को हिसार से गिरफ्तार किया गया है।
मामले का विवरण
दिनांक 19.11.2026 को एएसआई प्रमोद कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ गांव मंडोली खुर्द में मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी विक्रम ने अपने मकान पर एक थार गाड़ी खड़ी कर रखी है, जिसमें भारी मात्रा में मादक पदार्थ रखा हुआ है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर नियमानुसार रेड की और थार गाड़ी को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी में रखे सात प्लास्टिक कट्टों से कुल 124 किलो 950 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी विक्रम पुत्र दलबीर निवासी मंडोली खुर्द को गिरफ्तार किया था। आरोपी के विरुद्ध थाना बहल में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
पुलिस रिमांड के दौरान दूसरे आरोपी का हुआ खुलासा
पुलिस टीम द्वारा आरोपी विक्रम को माननीय न्यायालय में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से मादक पदार्थ लाने, बेचने तथा इस तस्करी में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहनता से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उक्त मादक पदार्थ चित्तौड़गढ़, राजस्थान से बेचने के लिए लेकर आए थे।
आरोपी विक्रम से पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम ने अभियोग में दूसरे आरोपी मुकेश कुमार पुत्र बलवंत सिंह निवासी सिवाड़ा को दिनांक 24.11.2026 को हिसार से गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मुकेश को तस्करी के दौरान गाड़ी चलाने के बदले 20,000 रुपये मिले थे।
न्यायालय में पेश कर लिया पुलिस रिमांड
पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई तथा आज दोनों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। माननीय न्यायालय ने आरोपी विक्रम को जिला कारागार भेजने के आदेश दिए, जबकि दूसरे आरोपी मुकेश को चार दिन के पुलिस रिमांड पर पुलिस के हवाले किया गया है।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी मुकेश से मादक पदार्थ की आगे सप्लाई करने तथा इस तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में गहनता से पूछताछ की जाएगी। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं।
पुलिस अधीक्षक भिवानी का संदेश
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त एवं तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। जिला पुलिस द्वारा नशे के कारोबार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भिवानी पुलिस आम नागरिकों से भी अपील करती है कि यदि उनके आसपास किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी संबंधी जानकारी मिलती है तो तुरंत संबंधित थाना पुलिस या पुलिस चौकी को सूचित करें। सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।