Bhiwani Independence Day Security: भिवानी में स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा सख्त, SP सुमित कुमार के निर्देश पर नाकेबंदी

भिवानी के भीम स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पुलिस अलर्ट। SP सुमित कुमार के निर्देश पर पुख्ता सुरक्षा प्रबंध।
 
भिवानी ट्रैफिक एवं नाकेबंदी

जिला पुलिस भिवानी द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर जिले में किए गए पुख्ता सुरक्षा प्रबंध - पुलिस अधीक्षक भिवानी।।

जिला पुलिस भिवानी द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर संपूर्ण जिले में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं।

होटल, रेस्टोरेंट, धर्मशाला, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित सार्वजनिक स्थानों पर प्रतिदिन की जा रही चेकिंग।

भीम स्टेडियम के आसपास विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था की गई मजबूत।

कमांडो दस्ता एवं डॉग स्क्वायड द्वारा अलग-अलग दिन चलाया जा रहा सर्च अभियान।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी पुलिस द्वारा लगातार रखी जा रही निगरानी।

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला पुलिस भिवानी द्वारा संपूर्ण जिले में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन भीम स्टेडियम, भिवानी में किया जाएगा। समारोह को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न करवाने के लिए जिला पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

पुलिस अधीक्षक भिवानी द्वारा सभी प्रबंधक थाना को निर्देश दिए गए हैं कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित होटल, रेस्टोरेंट, धर्मशाला, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों पर नियमित रूप से चेकिंग की जाए। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

समारोह स्थल के आसपास की गई नाकाबंदी

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए भीम स्टेडियम रोड टी-पॉइंट, सनसिटी-भीम स्टेडियम मोड़, महिला थाना के सामने, सेक्टर-13/23 टी-पॉइंट तथा बीपीएस स्कूल के पास पुलिस द्वारा नाकाबंदी की गई है। इन स्थानों पर पुलिस कर्मचारियों की तैनाती कर आने-जाने वाले वाहनों एवं व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

कमांडो एवं डॉग स्क्वायड द्वारा सर्च अभियान

जिला पुलिस की कमांडो टीम एवं डॉग स्क्वायड द्वारा जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण एवं सार्वजनिक स्थानों पर अलग-अलग दिन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत संदिग्ध वस्तुओं एवं स्थानों की गहनता से जांच की जा रही है।

यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आमजन को किसी प्रकार की यातायात समस्या न हो, इसके लिए जिला यातायात प्रभारी को विशेष निर्देश दिए गए हैं। समारोह के दिन यातायात पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर यातायात को सुचारू एवं सुगम बनाए रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। आमजन से भी अपील की गई है कि वे पुलिस द्वारा निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें।

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर

जिला पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। भ्रामक, अफवाह फैलाने वाली अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक भिवानी की आमजन से अपील

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस ने जिला वासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के गौरव और राष्ट्रीय एकता का पर्व है। जिला पुलिस द्वारा नागरिकों की सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने में पुलिस का सहयोग करें, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें तथा यातायात नियमों का पालन करें।

पुलिस अधीक्षक भिवानी ने कहा कि जिला पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।