कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुगम बनाने के लिए जिला पुलिस भिवानी पूरी तरह सतर्क एवं तैयार: सुमित कुमार, आईपीएस, पुलिस अधीक्षक भिवानी।
सभी प्रबंधक थाना/ चौकी इंचार्ज अपने-अपने क्षेत्र में पडने वाले कावड़ शिविर व यात्रा मार्ग में लगातार निगरानी रखकर गश्त करेंगे।
✍️ कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुगम तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस भिवानी द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशन में जिले के सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
✍️ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों, शिविरों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं आमजन के निर्बाध आवागमन को ध्यान में रखते हुए विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है, ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा आम नागरिकों को भी सुचारु यातायात की सुविधा मिल सके।
✍️ उन्होंने कांवड़ यात्रियों से निर्धारित सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करने की अपील करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान भाला, त्रिशूल एवं अन्य धारदार हथियार, मादक पदार्थ अथवा किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित वस्तु साथ ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। कांवड़ की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। मोटरसाइकिल चलाने वाले कांवड़ यात्री संशोधित (मॉडिफाइड) अथवा तेज आवाज करने वाले साइलेंसर का प्रयोग न करें तथा अपने वाहन के सभी वैध दस्तावेज साथ रखें। कांवड़ लाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली अथवा किसी भी प्रकार के जुगाड़ (अवैध/असुरक्षित) वाहनों का प्रयोग न करें। इन निर्देशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
✍️ यात्रा के दौरान प्रमुख मार्गों पर लगातार पुलिस गश्त की जाएगी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से भी असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक श्री सुमित कुमार, आईपीएस ने सभी कांवड़ यात्रियों एवं जिले के नागरिकों से शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ यात्रा संपन्न कराने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति, संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

