Passport Verification Bhiwani: एसपी सुमित कुमार के सख्त निर्देश, बिना देरी के पूरा होगा पासपोर्ट और सर्विस वेरिफिकेशन
जिला पुलिस भिवानी ने पासपोर्ट एवं सर्विस वेरिफिकेशन के लिए हेल्पलाइन नंबर किए जारी, आवेदकों को मिलेगी त्वरित स्टेटस जानकारी।
पासपोर्ट व सर्विस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को समयबद्ध एवं त्वरित करने के निर्देश।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार द्वारा आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय की संबंधित शाखाओं के अधिकारियों को जिले के नागरिकों के पासपोर्ट व सर्विस वेरिफिकेशन से संबंधित कार्य को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन नागरिकों द्वारा पासपोर्ट के लिए आवेदन किया गया है, उनके वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार शीघ्रता से पूर्ण किया जाए, ताकि आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पासपोर्ट आवेदक हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे स्टेटस की जानकारी।
जिला पुलिस द्वारा पासपोर्ट वेरिफिकेशन से संबंधित आवेदकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन व्यवस्था की गई है। कोई भी आवेदक अपने पासपोर्ट वेरिफिकेशन से संबंधित जानकारी अथवा आवेदन की वर्तमान स्थिति जानने के लिए पासपोर्ट इंचार्ज के मोबाइल नंबर 94992-71902 पर संपर्क कर सकता है। संबंधित अधिकारी द्वारा आवेदक को उसके आवेदन की स्थिति के बारे में आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।
सर्विस वेरिफिकेशन का कार्य भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक भिवानी द्वारा सुरक्षा शाखा में तैनात सर्विस वेरिफिकेशन इंचार्ज को भी निर्देश दिए गए हैं कि सरकारी नौकरी अथवा अन्य सेवाओं से संबंधित प्राप्त होने वाले सर्विस वेरिफिकेशन के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वेरिफिकेशन प्रक्रिया को अनावश्यक विलंब के बिना पूर्ण किया जाए।
सर्विस वेरिफिकेशन से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा अपने आवेदन का स्टेटस प्राप्त करने के लिए आवेदक सर्विस वेरिफिकेशन इंचार्ज के मोबाइल नंबर 98728-09543 पर संपर्क कर सकते हैं।
किसी भी समस्या के समाधान के लिए सुरक्षा शाखा इंचार्ज से करें संपर्क
पासपोर्ट वेरिफिकेशन अथवा सर्विस वेरिफिकेशन से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए आवेदक सुरक्षा शाखा इंचार्ज मनोज कुमार के मोबाइल नंबर 88140-11425 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
नागरिकों को बेहतर एवं समयबद्ध पुलिस सेवाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता
जिला पुलिस भिवानी का उद्देश्य नागरिकों को पुलिस से संबंधित ऑनलाइन एवं वेरिफिकेशन सेवाएं सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाना है। पुलिस विभाग द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा आवेदकों को अपने आवेदन की स्थिति के संबंध में आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।

