जिला पुलिस भिवानी को पंचकूला मुख्यालय से प्राप्त हुई 10 राइडर मोटरसाइकिलें, कानून व्यवस्था को मजबूत करने में होंगी सहायक।
 

भिवानी पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ाने के लिए मुख्यालय ने 10 नई राइडर मोटरसाइकिलें दीं। अब पुलिस आपात स्थिति में और तेजी से पहुंचेगी मौके पर।
 
सुमित कुमार एसपी भिवानी

हरियाणा पुलिस मुख्यालय पंचकूला द्वारा जिला पुलिस भिवानी को 10 नई राइडर मोटरसाइकिलें उपलब्ध करवाई गई हैं। इन मोटरसाइकिलों को शहर भिवानी व भिवानी के विभिन्न थाना क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध करवाने में सहायता मिल सके।

पुलिस लाइन भिवानी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीएसपी मुख्यालय श्री महेश कुमार एवं एमटीओ वीरेंद्र सिंह, प्रबंधक पुलिस लाइन की मौजूदगी में जिला मुख्यालय से प्राप्त हुई 10 राइडर मोटरसाइकिलों को डीएसपी मुख्यालय श्री महेश कुमार द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार भा०पु०से० ने कहा कि आधुनिक राइडर मोटरसाइकिल प्रणाली से पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता में तेजी आएगी। किसी भी प्रकार की शिकायत, आपात स्थिति अथवा कानून व्यवस्था से संबंधित सूचना मिलने पर पुलिस टीम कम समय में मौके पर पहुंच सकेगी। उन्होंने कहा कि इन मोटरसाइकिलों के माध्यम से शहर एवं थाना क्षेत्रों में गश्त व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी, जिससे अपराध नियंत्रण तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने पुलिस कर्मचारियों को निर्देश दिए कि राइडर मोटरसाइकिलों का उपयोग पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ करते हुए आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएं। जिला पुलिस का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना तथा कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है।