भिवानी: सट्टेबाजों का पुलिस टीम पर हमला, जवान पर चढ़ाई गाड़ी, मचा हड़कंप
भिवानी के देवसर में सट्टेबाजों पर रेड करने गई पुलिस टीम पर हमला। आरोपियों ने जवान पर गाड़ी चढ़ाई, जवान घायल। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
भिवानी: देवसर गांव में सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सीआईए-1 की टीम सट्टेबाजों पर दबिश देने पहुंची. जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, तो सट्टेबाजों ने पुलिस की टीम पर हमला कर दिया. हमले में पुलिस कर्मचारी सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल जवान को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
सट्टेबाजों ने पुलिस की टीम पर किया हमला: दरअसल, सीआईए-1 टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि देवसर और कुसुभीं के खेतों में 5 से 6 लोग अवैध रूप से सट्टे का कारोबार चला रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने देर रात मौके पर दबिश दी. कार्रवाई शुरू होते ही आरोपियों ने विरोध करते हुए पुलिस टीम पर हमला कर दिया.
पुलिसकर्मी पर चढ़ाई गाड़ी: हमले के दौरान आरोपियों ने कथित रूप से पुलिस कर्मचारी सुनील पर गाड़ी चढ़ा दी. इस घटना में सुनील के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं. घायल होने के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए.
"आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी": घायल पुलिसकर्मी का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे डीएसपी अनूप कुमार ने कहा कि, "पुलिस की टीम देर रात सट्टेबाजी करने वाले 5 से 6 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने गई थी. कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें एक पुलिस कर्मचारी घायल हुआ है. मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं. जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा."
डॉक्टर ने बताई घायल जवान की स्थिति: मामले में अस्पताल के एसएमओ डॉ. मनीष श्योराण ने बताया कि, "बीती शाम एक गंभीर रूप से घायल मरीज अस्पताल लाया गया था. आज उसकी सीटी स्कैन और एक्स-रे रिपोर्ट प्राप्त हुई है. फिलहाल मरीज सुनील की हालत में सुधार है और उसका उपचार जारी है."

