भिवानी पुलिस द्वारा वर्ल्ड ब्लड डोनर डे के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन भिवानी में रक्तदान शिविर का आयोजन।
विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार, आईपीएस के निर्देशानुसार आज पुलिस लाइन भिवानी में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ डीएसपी क्राइम भिवानी श्री अनूप कुमार ने किया।
रक्तदान शिविर में जिला पुलिस के विभिन्न थाना, चौकी एवं शाखाओं में कार्यरत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर का उद्देश्य आमजन में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग देना रहा।
इस अवसर पर डीएसपी क्राइम श्री अनूप कुमार ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि रक्तदान एक महान मानव सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने बताया कि एक स्वस्थ व्यक्ति प्रत्येक तीन माह (90 दिन) के अंतराल के बाद पुनः सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकता है। नियमित रक्तदान करने से न केवल जरूरतमंदों की सहायता होती है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है तथा समाज में सेवा और सहयोग की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
आज आयोजित रक्तदान शिविर में सामान्य अस्पताल भिवानी के ब्लड बैंक से डॉ. रोहित अपनी चिकित्सकीय टीम के साथ उपस्थित रहे और उनकी देखरेख में रक्त संग्रहण का कार्य संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर निरीक्षक सुनील कुमार, फार्मासिस्ट प्रदीप, पुलिस लाइन भिवानी के निरीक्षक सतनारायण सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

