पिता की स्मृति में स्कूल लाईब्रेरी के लिए भेंट किया एक लाख रूपये का सामान
 

उद्घाटन समारोह का हुआ आयोजन, जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने कहा : शिक्षा ही है सर्वोत्तम दान
 
 
हरियाणा स्कूल एजुकेशन न्यूज़

भिवानी, 08 मई : पूर्व प्राचार्य रमेश बूरा ने अपने पिता स्व. कामरेड होशियार सिंह की 89वीं जयंती पर जिला के गांव प्रेमनगर स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में लाईब्रेरी के लिए एक लाख रूपये का सामान भेंट किया। इस मौके पर शुक्रवार को एक समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक बतौर मुख्यअतिथि के तौर पर पहुंचे। समारोह की अध्यक्षता युवा कल्याण संगठन के संरक्षक कमल सिंह प्रधान ने की। हरियाणा स्कूल एजुकेशन ऑफिसर्स एसोसिएशन के भिवानी जिला अध्यक्ष राज सिंह घणघस ने बतौर सह अध्यक्ष कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इस मौके पर जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने कहा कि शिक्षा के लिए किया गया दान महादान है। उन्होंने स्व. कामरेड होशियार सिंह के चित्र पर फूल भेंट कर दीप प्रज्ज्वलित करके श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर युवा कल्याण संगठन के संरक्षक कमल सिंह प्रधान ने कहा कि कामरेड होशियार सिंह कर्मचारियों, किसानों, मजदूरों के सच्चे हितैषी थे और वे आपातकाल के दौरान 19 माह तक जेल में भी रहे। सह अध्यक्ष राज सिंह घणघस ने सभी अध्यापकों एवं ग्रामीणों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने बारे सार्थक प्रयास करने की अपील की।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पूर्व प्राचार्य रमेश बूरा ने बताया कि उन्होंने स्कूल के एक कमरे को पेंटिंग, राईटिंग, पर्दे, महापुरूषों के फोटो, 3 बुक सैल्फस, 11 कुर्सियां, 2 पंखों सहित लाईब्रेरी के रूप में तैयार किया है। उन्होंने कहा कि इससे पढ़ेंगे बच्चें, बदलेगा गांव, बढ़ेगा हरियाणा और मजबूत होगा भारत। इस अवसर पर मुख्यअतिथि व अन्य सभी अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। पूर्व प्राचार्य रमेश बूरा ने स्कूल स्टाफ को भेंट किए किए गए सामान की सूची सौंपी। विद्यालय प्राचार्या सीमा सरदाना ने अतिथियों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर रिटायर्ड प्राचार्य की माता लक्ष्मी देवी, सरपंच राजेश कुमार, आजाद सिंह ढ़ांडा, पूर्व सरपंच संदीप मल्हान, शिक्षा समिति के प्रधान जोगेंद्र बूरा, जयबीर बरवर, कैप्टन पिरथी सिंह, ओमप्रकाश, सुरेश फौजी, मनजीत बूरा, जगदीश बूरा, अमित, बलबीर ड्राईवर, गोविंदा, हरिपाल, राजेश बूरा हिसार, कर्ण सिंह फौजी, दलबीर, जगपाल प्रधान, सारिका, राज सिंह घणघस, गीता, कांता, सुषमा, सोनिया सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।