ई-रिक्सा में सवार होकर पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज के भव्य शुभारंभ समारोह में पहुंचे नेतागण
 

- समारोह में महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई जल संसाधन मंत्री श्रीमति श्रुति चौधरी और सांसद धर्मबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए
- उत्साह, ऊर्जा और उमंग के साथ मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी हुए शुभारंभ समारोह में शामिल
- मुख्य मेहमानों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के हाथों मेडिकल कॉलेज का शुभारंभ होना बताया जिलावासियों के लिए गर्व व  सौभाग्य की बात
 
 
विकसित भारत 2047

भिवानी, 17 जुलाई। पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज के शुभारंभ अवसर पर शुक्रवार को मिल्क प्लांट के पास मेडिकल कॉलेज परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई जल संसाधन मंत्री श्रीमति श्रुति चौधरी और सांसद धर्मबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में केबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी, सांसद धर्मबीर सिंह, पूर्व राज्य सभा सांसद श्रीमती किरण चौधरी, भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ और भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक सहित हजारों की संख्या में लोग ई-रिक्सा में सवार होकर समारोह में पहुंचे। पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल और बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि करीब एक किमी दूरी से पैदल चलकर समारोह में पहुंचे। समारोह में शरीक हुए सभी नेताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। समारोह में हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता दांगी, हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग अध्यक्ष तृप्ति श्योराण मुख्य रूप से मौजूद रहीं। मुख्य मेहमानों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के हाथों मेडिकल कॉलेज का शुभारंभ होना जिलावासियों के लिए गर्व व सौभाग्य की बात बताया। वहीं डीसी साहिल गुप्ता ने मुख्य मेहमानों का जिला प्रशासन की तरफ से तथा मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. धीरज परिहार व उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश ने मेडिकल कॉलेज की तरफ से पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए केबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जींद की धरती से हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करके देश को विकसित राष्ट्र बनाने की ओर बड़ा कदम उठाया गया है। यह एक अद्भुत एवं ऐतिहासिक लम्हा है जिसको देशवासी हमेशा याद रखेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन जींद में आयोजित समारोह से वर्चुवल माध्यम से किया गया, जिसका भिवानी में जिला स्तरीय समारोह में लाइव प्रसारण दिखाया गया।
कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा हरियाणा की धरती से उठाया गया यह कदम देश को विकसित बनाने में मिल का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्र की चिंता करते हुए राष्ट्र के लिए काम करती है और प्रधानमंत्री श्री मोदी देश को आगे बढाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाने के लिए भारी संख्या में आपकी उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त करती हूँ। इससे यह साबित होता है कि प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह के प्रति प्रदेश के लोगों की गहरी आस्था है।
कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा भिवानी में पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज का उदघाटन किए जाने के साथ ही स्वास्थ्य के क्षेत्र में लोगों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वे जिले में मेडिकल कॉलेज लेकर आई थी और आज यह जिलावासियों को समर्पित हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्ति करते हुए कहा कि दिन-रात प्रदेश के लोगों के लिए काम में जुटे रहते हैं, देर रात तक लोगों की समस्याएं सुनने में लगे रहते हैं। सिंचाई के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सिंचाई विभाग में छह हजार करोड़ रूपये के बजट का प्रावधान करके किसानों के हित मे बड़ा काम किया है।
         सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश में खुशी का माहौल है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को जींद की धरती से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। यह देश का पहला ट्रेन का ऐसा प्रोजेक्ट है, जिसका आने वाले समय मे पूरे देश को लाभ मिलेगा। एक ऐसी ट्रेन जिसमें तेल, बिजली व कोयले की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की बड़ी सौगात जिले को मिली है, जिससे न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को पंख लगेंगे बल्कि लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज का ओर विस्तार होगा जिससे हर बड़े स्तर की सुविधा उपलब्ध होगी।
सांसद ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा और स्वास्थ्य की प्रत्येक व्यक्ति को आवश्यकता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  इन दोनों क्षेत्रों पर जोर दे रहे हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार का निर्णय है कि प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी। आज देश में आईआईटी, मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं वहीं सिविल अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी केंद्रों में सुविधाएं बढाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि कोई सोच भी नहीं सकता था कि देश मे लंबी दूरी का सफर चंद घन्टों में हो सकता है। लेकिन आज पीएम की दूरदर्शी सोच के चलते यह संभव हो रहा है। देश में सडक़ों का जाल बिछाया जा रहा है। पहले सैनिकों को बॉर्डर तक पहुंचने में समय के साथ-साथ काफी असुविधा होती थी लेकिन आज दुर्गम क्षेत्रों में यातायात सुगम हो गया है। सडक़ों के साथ-साथ ट्रेन के सफर को भी सुगम बनाया जा रहा है। ट्रेनों में अत्याधुनिक डिब्बे बनाए जाने के अलावा रेलवे स्टेशनों को मॉडर्न बनाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए तेजी से देश को आगे बढ़ा रहे हैं।
    पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने जींद में हाइड्रोजन ट्रेन देश को समर्पित की है, यह प्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन है। देश की ऐसी पहली ट्रेन हरियाणा की धरती से चलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यह दूरदर्शी सोच है, आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल जैसे ईंधन खत्म होने वाले हैं ऐसे में हाईड्रोजन ट्रेन एक अच्छा विकल्प है। किरण चौधरी ने कहा कि जिलेवासियों के लिए खुशी का अवसर है कि जिले को मेडिकल कॉलेज की सौगात मिली है। अब चिकित्सा सुविधाओं के लिए जिले को लोगों को रोहतक, दिल्ली, जयपुर नहीं जाना पड़ेगा। किरण चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री की सफल कूटनीति के कारण आज दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। अमेरिका- ईरान के बीच तनाव के बावजूद देश के जहाज तेल लेकर आ रहे हैं।
पूर्व सांसद ने कहा कि सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी द्वारा नहरों का जीर्णोद्धार करवाया जा रहा है जिससे प्रदेश के हर कोने में नहरों की टेल तक पानी पहुंचेगा। प्रयास किए जा रहे हैं कि किसानों को किसी प्रकार की तकलीफ न हो। उन्होंने 2022-23 का किसानों का फसली मुआवजा दिलवाए जाने के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुआवजा दिलवाए जाने के लिए राज्यसभा में, लोकसभा में सांसद धर्मबीर सिंह ने और प्रदेश में सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने जोरदार ढंग से मुद्दा उठाया था।
भिवानी के विधायक व पूर्व मंत्री घनश्याम सर्राफ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज डीजल व पेट्रोल रहित हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ कर भारत को स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विकसित भारत की सोच और आधुनिक तकनीक का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिससे विश्व पटल पर भारत की अलग पहचान बनी है। विधायक ने कहा कि आज जिलेवासियों को मेडिकल कॉलेज की सौगात भी मिली है, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं ओर सुदृढ होंगी।
बवानी खेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद की पावन धरा से हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ कर विकसित भारत का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि आज भारत आयात की तुलना में निर्यात अधिक कर रहा है, जो विकसित भारत की दिशा में देश की बढ़ती आर्थिक मजबूती का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की नीति पर चलते हुए जनकल्याण और विकास के कार्य निरंतर कर रही है।
पूर्व कूषि मंत्री जेपी दलाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। पीएम मोदी का नेतृत्व आज पूरी दुनिया में छाया हुआ है। देश विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। विकसित भारत अभियान को सफल बनाने में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार जनहित, विकास, आधुनिक तकनीक तथा पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए देश और प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने समारोह में शामिल हुए लोगों को अभिनंदन करते हुए कहा कि जिले के लोगों के लिए बड़ी खुशी है कि मेडिकल कॉलेज के रूप में एक बड़ी सौगात मिली है, जिसका उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया गया है। उन्होंने कहा कि पंडित नेकीराम शर्मा का नाम पूरे देश में आदर और सम्मान के साथ लिया जाता है। देश में प्रधानमंत्री श्री मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार संत महात्माओं और महापुरुषों का आदर सत्कार करती है। इसी कड़ी में आज जिला भिवानी में मेडिकल कॉलेज का नाम पंडित नेकीराम शर्मा का नामांकन करके जनता को समर्पित किया गया है। भाजपा महापुरुषों को सम्मान में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पूरी दुनिया में चौथी बड़ी ताकत बन गया है। 2014 की अपेक्षा बजट में कई गुणा बढ़ोतरी की है। डॉ. नयमा चौधरी ने मेडिकल प्रशासन की तरफ से समारोह में शामिल मेहमानों और आमजन का आभार जताया। समारोह में मेहमानों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में  सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग से दलबीर सिंह की भजन मंडली, मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों और सोमबीर कथूरवाल ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
बॉक्स
- विभिन्न योजनाओं के पात्रों को समारोह में दिए गए लाभपत्र

समारोह में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्रों को लाभपत्र दिए गए, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत गांव बीरन से कमलेश, करण सिंह, विजय, गांव निनाण के अजीत, राज रतन, गांव उमरावत से कुसुम,  विनोद शामिल रहे। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत भिवानी शहर के वार्ड नंबर 25 से हेमंत, वार्ड नंबर 31 से मंजू देवी, वार्ड नंबर 12 से राजबाला, वार्ड नंबर 21 से सुभाष, नीलम को लाभ कार्ड दिए गए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत वार्ड नंबर 20 की कमला, वीरपाल, गवार फैक्ट्री के पास लक्ष्मी, वार्ड नंबर 14 के मुकेश, वार्ड नंबर 4 के शमशेर को चेक भेंट किए गए। वहीं लाडो लक्ष्मी योजना के तहत बैंक कॉलोनी निवासी राखी,  दादरी गेट वार्ड नंबर 13  की रवीना, जागृति कॉलोनी से सुमन कुमारी, शास्त्री नगर वार्ड नंबर 18 की दीपिका, सुनीता, दुर्गा कॉलोनी वार्ड नंबर 19 की पूनम को लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ पत्र दिया गया। इसी प्रकार हरियाणा रोडवेज की हैप्पी कार्ड योजना में गांव तालु के विनोद कुमार, पवन कुमार, बजीणा से अंकित व सतबीर और तिगड़ाना के श्याम सिंह को हैप्पी कार्ड दिए गए। आयुष्मान भारत योजना के तहत गांव खरक कलां से अजय, मानेहरु से मोहित पुत्र सुनील कुमार, कृष्णा कॉलोनी भिवानी के छबील दास, बडेसरा के परमीत, बैंक कॉलोनी भिवानी के राजेंद्र को आयुष्मान कार्ड भेंट किए गए।

बॉक्स

- मेडिकल कॉलेज समारोह में ये रहे मौजूद
डीसी साहिल गुप्ता, एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, एसडीएम भिवानी महेश कुमार, सीटीएम अनिल कुमार, चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. दिप्ती धर्माणी, मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. धीरज परिहार, सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य के अलावा उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति आयोग हरियाणा बिजेंद्र बडग़ुजर, अध्यक्ष नगर पालिका बवानीखेड़ा सुंदर अत्री, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नंदराम धानिया व संदीप श्योराण, भाजपा पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष ठा. विक्रम सिंह, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप प्रजापत, जिला महामंत्री रमेश पचरेवाल, एडवोकेट अमर सिंह हालुवास, रामकिशन हालुवासिया, परमजीत मडू, महेन्द्र कैरू, संदीप बेडवाल, कृष्ण लेघा, दिलबाग निमड़ी, वाईस चेयरमैन सुनील भारीवास, जिला महासचिव रेखा राघव, उपाध्यक्ष जिला परिषद भिवानी सुनीता जांगड़ा, कमलेश भोडूका व विजय शेखावत सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकत्र्ता, मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी तथा आमजन मौजूद रहे।