सडक़ सुरक्षा के प्रति भिवानी रेडक्रॉस की पहल,  युवाओं को दिलाई शपथ 

 
सडक़ सुरक्षा के प्रति भिवानी रेडक्रॉस की पहल,  युवाओं को दिलाई शपथ 

भिवानी :

देशभर में एक से 31 जनवरी तक मनाए जा रहे राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह-2026 के तहत भिवानी जिला रेडक्रॉस सोसाइटी ने सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और युवाओं को जागरूक करने के लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की है।

इस अभियान के दौरान भिवानी रैडक्रॉस अध्यक्ष साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन एवं भिवानी रैडक्रॉस के सचिव प्रदीप कुमार के नेतृत्व में वीरवार को स्थानीय रैडक्रॉस भवन में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जिसमें रेडक्रॉस सचिव प्रदीप कुमार ने युवाओं और स्वयंसेवकों को सडक़ सुरक्षा के नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई और उन्हें जीवन की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
      जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेडक्रॉस सचिव प्रदीप कुमार ने आंकड़ों का हवाला देते हुए स्थिति की गंभीरता को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि देश में हर वर्ष करीब 1.7 लाख लोग सडक़ दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवाते हैं।

बेहद दुखद यह है कि इनमें से 50 प्रतिशत से अधिक लोग 35 वर्ष तक की आयु के युवा होते हैं। जब एक युवा सडक़ दुर्घटना का शिकार होता है, तो केवल एक परिवार नहीं बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और भविष्य को भी गहरा आघात लगता है। हमारा लक्ष्य है कि भिवानी का हर नागरिक सडक़ सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझे। सचिव ने जोर देकर कहा कि सडक़ सुरक्षा का संदेश केवल जनवरी माह तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जीवन का हिस्सा बनाना अनिवार्य है।
      उन्होंने बताया कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार 31 जनवरी तक चलने वाले इस माह के दौरान रेडक्रॉस द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

जिसमें युवाओं को ऑनलाइन क्विज़, इलेक्ट्रॉनिक रोड सेफ्टी मॉड्यूल और सर्टिफिकेट प्रोग्राम से जोड़ा जा रहा है। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और कार चालकों को सीटबेल्ट लगाने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं।

सडक़ उपयोगकर्ताओं और ड्राइवरों को गुड सेमेरिटन (नेक व्यक्ति) कानून और दुर्घटना के दौरान दी जाने वाली आपातकालीन प्राथमिक चिकित्सा के बारे में प्रशिक्षित किया जा रहा है।
      कार्यक्रम के दौरान सचिव प्रदीप कुमार ने उपस्थित सभी स्वयंसेवकों, छात्रों और नागरिकों को सडक़ सुरक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने आह्वान किया कि ट्रैफिक नियमों का पालन करना डर के कारण नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए होना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस पूरे महीने की गतिविधियों की रिपोर्ट तस्वीरों सहित माई भारत पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।