भविष्य की अनिश्चितताओं के खिलाफ सुरक्षा कवच तैयार करते है रक्तदान शिविर : सचिव प्रदीप कुमार
भिवानी रेडक्रॉस भवन में आपातकालीन रक्तदान शिविर संपन्न : 37 स्वयंसेवकों ने किया रक्तदान
Apr 20, 2026, 15:26 IST
भिवानी, 20 अप्रैल : मानवता की सेवा और आपातकालीन स्थितियों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भिवानी के उपायुक्त एवं रैडक्रॉस अध्यक्ष साहिल गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में सोमवार को रक्तकोष चौ. बंसीलाल नागरिक हस्पताल भिवानी में एक रक्तदान शिविर का आयोजन भारतीय रेडक्रॉस की आजीवन सदस्या डा. अन्नू बल्हारा के सहयोग से आयोजित किया गया। इस शिविर ने आपातकाल में रक्त की कमी को दूर करने का एक प्रभावी संदेश दिया। शिविर का शुभारंभ सचिव रेडक्रॉस प्रदीप कुमार ने किया। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और रक्तदान करने आए युवाओं का उत्साहवर्धन किया। शिविर के दौरान स्वास्थ्य नियमों का पूर्णत: पालन किया गया और 37 स्वयंसेवकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक सरोकार निभाया। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को रेडक्रॉस की ओर से बैज लगाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सचिव प्रदीप कुमार ने आपातकालीन स्थितियों में रक्त की महत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना या प्राकृतिक आपदा के समय रक्त की एक-एक बूंद किसी व्यक्ति के लिए जीवनदान साबित हो सकती है। जब हम स्वस्थ अवस्था में रक्तदान करते हैं, तो हम भविष्य की अनिश्चितताओं के खिलाफ एक सुरक्षा कवच तैयार कर रहे होते हैं। रक्तदान ना केवल दूसरों की जान बचाता है, बल्कि यह स्वयं रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी जिला प्रशासन के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि जिले में किसी भी मरीज को रक्त के अभाव का सामना न करना पड़े। शिविर में विशेष रूप से युवाओं की भागीदारी सराहनीय रही। स्वयंसेवकों ने न केवल स्वयं रक्तदान किया, बल्कि समाज के अन्य वर्गों को भी इस पुनीत कार्य से जुडऩे के लिए प्रेरित किया। रेडक्रॉस टीम ने बताया कि एकत्रित किया गया रक्त सरकारी ब्लड बैंक में जमा कराया गया है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंदों को तुरंत सहायता मिल सके। इस अवसर पर ब्लड बैंक इंचार्ज डॉ0 हर्ष, डॉ0 रोहित, जिला प्रशिक्षण अधिकारी विकास कुमार, सहायक जोगिंदर सहरावत, शर्मिला, गुंजन सहित अनेक युवा उपिस्थत रहे।

