भिवानी रेडक्रॉस भवन में युवाओं ने ली नशे के खिलाफ ई-शपथ
 

एकजुटता से ही टूटेगी नशे की चेन : सचिव प्रदीप कुमार
 
 
DC Sahil Gupta Bhiwani Initiatives
भिवानी, 18 मई : देश की युवा ऊर्जा को सही दिशा देने और समाज को खोखला कर रही नशे की बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए भिवानी में एक सराहनीय पहल की गई है। भिवानी  उपायुक्त एवं रेडक्रॉस अध्यक्ष साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में सोमवार को स्थानीय रेडक्रॉस भवन में नशा मुक्ति अभियान के तहत एक विशेष ई-शपथ कार्यक्रम और जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में पहुंचे युवाओं ने जीवन में कभी भी नशे को हाथ न लगाने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित राष्ट्रीय नशा मांग न्यूनीकरण कार्ययोजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भिवानी रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव प्रदीप कुमार ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान आयोजित सेमिनार में विषय विशेषज्ञों और रेडक्रॉस के पदाधिकारियों ने युवाओं को नशे के सामाजिक, मानसिक और शारीरिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। वक्ताओं ने रेखांकित किया कि नशा न सिर्फ एक इंसान को बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार और हंसते-खेलते समाज को गर्त में धकेल देता है। युवाओं को प्रेरित किया गया कि वे अपनी ऊर्जा को खेल, शिक्षा और रचनात्मक कार्यों में लगाएं। कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए और मीडिया के समक्ष अपना बयान जारी करते हुए भिवानी रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव प्रदीप कुमार ने इस अभियान को एक जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। सचिव प्रदीप कुमार ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान को तब तक पूरी तरह सफल नहीं बनाया जा सकता, जब तक समाज का हर नागरिक इसमें अपनी जिम्मेदारी न समझे। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा शुरू की गई यह मुहिम युवाओं को बचाने की एक बड़ी कवायद है। हमारा प्रयास है कि इस ई-शपथ कार्यक्रम के माध्यम से जिले के अधिक से अधिक नागरिकों, विशेषकर युवाओं को जोड़ा जाए। जब लोग डिजिटल माध्यम से इस शपथ से जुड़ेंगे, तो समाज में एक सकारात्मक संदेश जाएगा। जितनी बड़ी संख्या में लोग इस मुहिम का हिस्सा बनेंगे, नशा मुक्ति अभियान को उतनी ही मजबूती और बल मिलेगा। आइए, हम सब मिलकर भिवानी को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने का संकल्प लें।