भिवानी के तोशाम बाईपास पर : ट्रक व ट्रैक्टर की टक्कर ,हादसे में 6 बच्चों के पिता की मौत,

भिवानी के तोशाम बाईपास पर तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर। हादसे में किसान महेंद्र सिंह की मौत, घर में अकेले कमाने वाले थे। आरोपी ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार।

 
हरियाणा सड़क दुर्घटना समाचार
हादसा उस समय हुआ, जब किसान ट्रैक्टर में डीजल डलवाने के लिए पेट्रोल पंप पर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में ट्रक ने टक्कर मार दी और हादसे में 6 बच्चों के पिता की मौत हो गई।
वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी। 
डीजल डलवाने के लिए गए थे
रोहतक के गांव ककराना निवासी विकास ने बीटीएम पुलिस चौकी में शिकायत दी। शिकायत में बताया कि उसके मामा भिवानी के लोहड़ बाजार निवासी करीब 44 वर्षीय महेंद्र खेतीबाड़ी करते हैं, जो शाम को करीब 5 बजे तोशाम बाईपास स्थित पेट्रोल पंप से डीजल डलवाने के लिए गए थे।
इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी। जिसके कारण ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया और उसके मामा महेंद्र को गंभीर चोटें आई। जिसे इलाज के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
6 बच्चों के पिता थे महेंद्र सिंह
उन्होंने बताया कि महेंद्र सिंह घर में अकेले कमाने वाले व्यक्ति थे, जिनके पिता का भी निधन हो चुका है। वहीं वे 6 बच्चों (पांच बेटियों व एक बेटे) के पिता थे। खेतीबाड़ी करके पूरे परिवार का गुजारा चला रहे थे। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी और ट्रक ड्राइवर के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई।
BTM पुलिस चौकी इंचार्ज कुलदीप ने बताया कि एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपी ट्रक ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है