Rohtak Road Traffic Jam Bhiwani: अतिक्रमण के कारण सड़क हुई संकरी, रोजाना लगने वाले जाम से राहगीर और वाहन चालक परेशान

भिवानी की नई सब्जी मंडी के सामने दुकानदारों द्वारा 10-15 फीट अवैध अतिक्रमण। जाम से जूझ रहे लोग, प्रशासन से कार्रवाई की मांग।
 
Bhiwani Municipal Council

दुकानदारों का कब्जा,10 से 15 फीट आगे टीन लगाकर किया अतिक्रमण

वाहनों की पार्किंग के लिए जगह नहीं, सडक़ पर जाम होने से राहगीर परेशान

स्थानीय लोगों ने नगर परिषद व जिला प्रशासन से सख्त कार्रवाई की उठाई मांग

 भिवानी हलचल  : शहर के रोहतक रोड स्थित नई सब्जी मंडी के सामने दुकानदारों द्वारा किए गए स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण के कारण आम जनता और वाहन चालकों की परेशानी चरम पर पहुँच गई है। दुकानदारों ने अपनी दुकानों की सीमा से बाहर निकलकर 10 से 15 फीट आगे तक लोहे की टीन (शेड) लगा रखी हैं। इस अवैध विस्तार के कारण मुख्य सडक़ काफी संकरी हो गई है, जिससे यहाँ रोजाना घंटों लंबा जाम लग रहा है।

नई सब्जी मंडी शहर का मुख्य व्यावसायिक केंद्र होने के कारण यहाँ रोजाना हजारों की संख्या में शहर व गांवों से लोग खरीदारी करने आते हैं। दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर 10 से 15 फीट तक लोहे की टीन फैला लेने की वजह से वाहनों को खड़ा करने (पार्किंग) के लिए कोई जगह नहीं बचती। इसके अलावा काफी संख्या में रेहड़ी भी यहां पर लगाई जाती हें। नतीजतन, खरीदारी करने आने वाले ग्राहक और राहगीर अपने वाहनों को सडक़ पर ही खड़ा करने को मजबूर हैं। सडक़ पर वाहन पार्क होते ही यातायात की गति थम जाती है और पीक आवर्स में स्थिति और भयावह हो जाती है।

सडक़ पर जाम की स्थिति बनने से न केवल आम वाहन चालक फंस रहे हैं, बल्कि आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड के वाहनों को भी निकलने में भारी मशक्कत करनी पड़ती है। पैदल चलने वाले राहगीरों को जान जोखिम में डालकर वाहनों के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों, राहगीरों और वाहन चालकों का कहना है कि रोहतक रोड से विकास नगर का मुख्य सडक़ मार्ग बहुत ही चौड़ा है लेकिन यहां दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर अवैध अतिक्रमण किया हुआ है। एक दुकानदार ने तो सीढिय़ों का निर्माण भी किया हुआ है। यह अतिक्रमण दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का अंदेशा भी बना रहता है। शहरवासियों ने नगर परिषद और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत संज्ञान लिया जाए।

विकास नगर रेजिडेेंट वेलफेयर एसोसिएशन  के अध्यक्ष अजीत  सांगवान ने मांग है कि उपायुक्त को इस सम्बंध में स्वयं संज्ञान लेना चाहिए तथा सब्जी मंडी के सामने विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर दुकानों के बाहर लगी लोहे की अवैध टीन को हटवाया जाए और दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर सख्त जुर्माना व कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि मुख्य सडक़ को जाम मुक्त बनाया जा सके।