ग्रीन बैल्ट पार्क में समस्याओं का अंबार : झाडिय़ां, गंदगी और टूटे झूले
 

बदहाली के आंसू रो रहा बाबू रामभजन अग्रवाल मैमोरियल पार्क : वेटरन संगठन ने खोला मोर्चा
पार्क केवल ज़मीन का टुकड़ा नहीं, शहर के फेफड़े हैं, प्रशासन दे सुधारीकरण की तरफ ध्यान : विरेंद्र सिंह ग्रेवाल बामला
 
 
Swachh Bharat Abhiyan Bhiwani Reality

भिवानी, 10 मई : स्वच्छ भारत अभियान और सुंदर शहर के दावों के बीच भिवानी के रोहतक रोड स्थित एचएसवीपी के बाबू रामभजन अग्रवाल मैमोरियल ग्रीन बैल्ट पार्क की स्थिति प्रशासन की अनदेखी का जीवंत उदाहरण बन गई है। कभी हरियाली के लिए पहचाना जाने वाला यह पार्क आज गंदगी और अव्यवस्थाओं का टापू बन चुका है। पार्क की इस दयनीय स्थिति को लेकर स्थानीय नागरिकों और वेटरन संगठन भिवानी में भारी रोष है। पार्क की बदहाली को लेकर वेटरन संगठन भिवानी के प्रधान सूबेदार मेजर बिरेंद्र सिंह ग्रेवाल बामला ने नागरिकों के साथ मिलकर रोष जताया। उन्होंने प्रशासन को चेताते हुए कहा कि यदि जल्द ही समाधान नहीं हुआ तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगा।


      वेटरन संगठन भिवानी के प्रधान सूबेदार मेजर बिरेंद्र सिंह ग्रेवाल बामला ने कहा कि एक पार्क किसी भी शहर के लिए केवल एक खाली ज़मीन का टुकड़ा नहीं होता, बल्कि वह शहर के फेफड़े होते हैं जो हमें शुद्ध हवा देते हैं। बाबू रामभजन अग्रवाल मैमोरियल पार्क बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य लाभ और बच्चों के शारीरिक विकास का केंद्र होना चाहिए था, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही ने इसे डंपिंग यार्ड बना दिया है। झाडिय़ों और गंदगी के बीच नागरिक कैसे सांस लेंगे। सफाई अभियान के नाम पर केवल खानापूर्ति हो रही है। हमारी मांग है कि यहाँ तुरंत ट्रैक बनाया जाए, चहारदीवारी ठीक हो और पीने के पानी की व्यवस्था सुचारू की जाए ताकि जनता को उनका हक मिल सके।


     उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से यहाँ ट्रैक का निर्माण नहीं हो सका है, जिससे बुजुर्गों और बच्चों को टहलने में भारी परेशानी होती है। पार्क में पीने के पानी का कोई पुख्ता बंदोबस्त नहीं है। चहारदीवारी जगह-जगह से टूटी हुई है, जिससे सुरक्षा का खतरा बना रहता है। बच्चों के खेलने के लिए लगाए गए झूले अब कबाड़ में तब्दील हो चुके हैं, जो किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं। पूरा दिन पार्क में बंदरों और लावारिस पशुओं का जमावड़ा रहता है, जिसके कारण लोग यहाँ आने से कतराने लगे हैं। वही अन्य नागरिकों ने बताया कि रोहतक रोड जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर स्थित होने के बावजूद इस ग्रीन बेल्ट की उपेक्षा समझ से परे है। वेटरन संगठन और स्थानीय लोगों ने एचएसवीपी अधिकारियों से मांग की है कि पार्क का सौंदर्यीकरण कर यहाँ माली और सफाई कर्मियों की नियमित ड्यूटी लगाई जाए।