थाना सदर पुलिस भिवानी ने गांव रूपगढ़ में घर का ताला तोड़कर आभूषण व नकदी चोरी करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार।
भिवानी पुलिस ने रूपगढ़ गांव में बंद मकान का ताला तोड़कर गहने व नकदी चुराने वाले दो आरोपियों को किया गिरफ्तार। पुलिस रिमांड में आरोपियों से हो रही पूछताछ।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिले में चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए थाना सदर पुलिस भिवानी ने गांव रूपगढ़ में बंद मकान का ताला तोड़कर आभूषण व नकदी चोरी करने की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
गांव रूपगढ़ निवासी मुकेश ने थाना सदर भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह अपने परिवार सहित हिसार में रहते हैं तथा गांव रूपगढ़ स्थित उनका पुश्तैनी मकान बंद पड़ा हुआ था। दिनांक 09.10.2025 को उन्हें सूचना मिली कि उनके मकान का ताला टूटा हुआ है। जब वह अपने परिवार के साथ गांव पहुंचे तो पाया कि अज्ञात व्यक्ति मकान का ताला तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना सदर भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना सदर भिवानी के मुख्य सिपाही पवन कुमार ने माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु पुत्र दिनेश निवासी गांव देवसर तथा प्रीतम पुत्र हरपाल निवासी गांव देवसर के रूप में हुई है।
पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी के अभियोग दर्ज हैं।
रिमांड अवधि पूर्ण होने के उपरांत दोनों आरोपियों को पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय द्वारा उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए। वहीं, पुलिस टीम द्वारा इस अभियोग में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

