धानक समाज धर्मशाला में श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया संत कबीर प्रकट पर्व
क कबीर महाराज ने हमेशा पाखंड, अंधविश्वास और रूढि़वादिता पर किया प्रहार : विधायक सर्राफ
भिवानी, 29 जून : स्थानीय हनुमान गेट स्थित धानक समाज धर्मशाला में संत शिरोमणि कबीर महाराज का प्रकट पर्व बेहद गरिमापूर्ण, भव्य और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर समाज के प्रबुद्ध जनों, वरिष्ठ नेताओं और गणमान्य नागरिकों ने भारी संख्या में शिरकत की। समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने संत कबीर महाराज के दिखाए मार्ग पर चलने और उनके क्रांतिकारी विचारों को अपने जीवन में उतारने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री व विधायक घनश्याम सर्राफ ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व पार्षद एवं रिटायर्ड सहायक जिला न्यायवादी सज्जन खनगवाल एडवोकेट द्वारा की गई। इस सफल और भव्य आयोजन की देखरेख व संयोजन पूर्व पार्षद हंसराज खनगवाल ने बखूबी निभाया, जबकि मंच का कुशल व ओजस्वी संचालन श्याम सुंदर इंदौरा ने किया।
समारोह के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने संत कबीर के जीवन, उनके दर्शन और उनकी अमूल्य शिक्षाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। मंच से समाज का आह्वान किया गया कि आज के दौर में भी कबीर जी के क्रांतिकारी विचार पूरी तरह प्रासंगिक हैं। वक्ताओं ने कहा कि समाज को उनके समाज सुधारक, और निर्भीक स्वभाव को अपनाकर आगे बढऩा चाहिए। विधायक घनश्याम सर्राफ, पूर्व पार्षद एवं रिटायर्ड सहायक जिला न्यायवादी सज्जन खनगवाल एडवोकेट व पूर्व पार्षद हंसराज खनगवाल ने कहा कि कबीर महाराज ने हमेशा पाखंड, अंधविश्वास और रूढि़वादिता पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने मंच से समाज में आपसी एकता, भाईचारा और सांप्रदायिक सद्भावना को और अधिक मजबूत करने का एक सुदृढ़ संदेश दिया गया। इस दौरान विधायक ने मंच के माध्यम से आने वाली पीढ़ी को एक बेहतर और उज्ज्वल भविष्य देने के लिए बच्चों, विशेषकर वंचित वर्ग के बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की पुरजोर अपील की। समारोह में संकल्प लिया गया कि समाज में पनप रही सामाजिक कुरीतियों को जड़ से मिटाया जाएगा। मंच से सरकार की तारीफ करते हुए विधायक ने कहा कि आज गरीब, महिलाओं और किसानों को बिना किसी बिचौलिए के सीधे उनके खातों में योजनाओं का पैसा मिल रहा है। यह पारदर्शी व्यवस्था समाज के अंतिम व्यक्ति को निरंतर सशक्त और आत्मनिर्भर बना रही है।
इस मौके पर वक्ताओं ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार का विशेष रूप से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह से अंत्योदय की भावना से काम कर रही है। सरकार की इस नीति से समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंच रहा है। कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने वालों में मुख्य रूप से कर्नल सिंह बागड़ी, कमल बागड़ी, प्रकाश बागड़ी, धर्मवीर डाबला, रमेश सैनी और सुरेंद्र मास्टर सहित धानक समाज व अन्य समाज के सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में संत कबीर के संदेशों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

