सतलोक आश्रम में संत कबीर साहब के प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय पर्व शुरू, उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
भिवानी के सतलोक आश्रम में कबीर प्रकट दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में अखंड पाठ, विशाल भंडारा, रक्तदान शिविर और दहेज मुक्त शादियां होंगी।
भिवानी, 27 जून : संत शिरोमणि कबीर साहब के प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में स्थानीय कालुवास मोड स्थित सतलोक आश्रम में तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार से हुआ। संत रामपाल महाराज के सानिध्य में इस पर्व को बेहद धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। आश्रम परिसर पूरी तरह से भक्तिमय माहौल में डूबा दिखाई दिया। सतलोक आश्रम भिवानी की सेवा समिति तथा जिला को-ऑर्डिनेटर्स ने बताया कि इस पर्व को लेकर तैयारियां कई दिनों पहले से ही युद्ध स्तर पर जारी थीं। पर्व की बड़ी उमंग और उत्साह के साथ श्रद्धालुओं बड़ी-बड़ी टोलियां आश्रम परिसर में पहुंची। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत संत गरीबदास महाराज की अमर वाणियों का अखंड पाठ संत रामपाल महाराज की अमृत वाणी में निरंतर जाएगा। इसके अलावा समागम के तीनों दिन आने वाले सभी श्रद्धालुओं और आमजन के लिए विशाल भंडारे का भव्य आयोजन जारी रहेगा, जहां शुद्ध देशी घी से तैयार भोजन श्रद्धालुओं को पूरी श्रद्धा के साथ परोसा जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह आध्यात्मिक समागम केवल पूजा-पाठ तक ही सीमित नहीं है, बल्कि संत रामपाल महाराज की प्रेरणा से यहां बड़े स्तर पर सामाजिक सुधार और जनकल्याण के कार्य भी किए जा रहे हैं। जिसके तहत समागम के दूसरे दिन 28 जून को रक्तदान शिविर तथा समाज से दहेज जैसी कुप्रथा को समूल नष्ट करने के संकल्प के साथ रमैणी (बिना दहेज की शादियों) का आयोजन होगा। इसके साथ ही संत रामपाल महाराज के अनुयायी और भक्तजन भविष्य में चिकित्सा अनुसंधान और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए बढ़-चढक़र देहदान के फॉर्म भरेंगे। उन्होंने कहा कि यह समागम केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर वैचारिक शुद्धि, सामाजिक सुधार और जनकल्याण का एक महा-अभियान है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि सभी लोग अपनी सुविधानुसार नजदीकी या मुख्य आश्रम में पहुंचकर पवित्र भंडारे का प्रसाद प्राप्त करें और अमर वाणियों का श्रवण करके अपने जीवन को धन्य बनाएं।

