- चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप कैंप के 21वें दिन पहुंचे कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा
- विकसित युवा से ही संभव है विकसित भारत: कृषि मंत्री
भिवानी, 21 जून। द हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप के जिला मुख्यालय पर प्रशिक्षण केंद्र में चल रहे ग्रीष्मकालीन सर्विस कैंप के 21वें दिन रविवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रुप लीडर सागर सज्जन सिंह एवं गु्रप कोऑर्डिनेटर लक्ष्मण गौड़ ने की। यह विशेष कैंप हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राज्य मुख्यालय चंडीगढ़ के आदेशानुसार तथा उपायुक्त साहिल गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी डा. निर्मल दहिया एवं खंड शिक्षा अधिकारी डा. अनिल गौड़ के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है, जिसका विधिवत समापन 28 जून को होगा।
कार्यक्रम में अपना संदेश देते हुए मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि स्काउट्स एंड गाइड्स का यह कैंप युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और समाज सेवा की भावना भरने का काम कर रहा है। यहां एक पेड़ मां के नाम मुहिम के तहत जो पौधारोपण किया गया है, वह पर्यावरण के प्रति युवाओं की सजगता को दर्शाता है। आज के युवा को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर देश के विकास में योगदान देना चाहिए। हमारा लक्ष्य सशक्त युवा और विकसित भारत का है, जिसे ये अनुशासित स्काउट्स पूरी शिद्दत से आगे बढ़ा रहे हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा द्वारा ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और स्काउट्स प्रार्थना के साथ की गई। इसके बाद कृषि मंत्री ने स्काउट्स के जन्मदाता लॉर्ड बैडिन पावेल एवं महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कैंप में सीनियर रोवर नितेश कुमार के नेतृत्व में मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, परेड मास्टर हिमांशु भाटी ने गन सलामी दी और बैंड मास्टर विजय अहीरवाल ने बैंड की मधुर धुनों के साथ अतिथियों का स्वागत किया।
इस दौरान सह ग्रुप लीडर अमित कुमार ने मुख्य अतिथि को प्रशिक्षण केंद्र में स्थापित आधुनिक ई-पुस्तकालय का निरीक्षण करवाया। वहीं गाइड रेंजर कैप्टन पुष्पा देवी ने स्काउट्स द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उपयोगी गैजेट्स के बारे में विस्तार से जानकारी दी, जिसकी कृषि मंत्री ने खूब सराहना की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई गई। गु्रप लीडर सागर सज्जन सिंह ने कृषि मंत्री को द हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एण्ड गाइड्स चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप द्वारा आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

