भिवानी ऑटो मार्केट में श्रद्धापूर्वक मनाया गया शनि जन्मोत्सव
 

विश्वकर्मा मंदिर में हुई भगवान शनिदेव की प्रतिमा स्थापित, भंडारे में अनेक लोगों ने चखा प्रसाद
श्रम और कर्म के प्रतीक है भगवान शनिदेव : पूर्व प्रधान जितेंद्र सिंह 
 
 
Religious Events in Bhiwani Haryana Today
भिवानी, 16 मई :
भिवानी, 16 मई : स्थानीय ऑटो मार्केट स्थित प्राचीन श्री विश्वकर्मा मंदिर में शनिवार श्री शनि जन्मोत्सव के पावन अवसर पर एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ऑटो मार्केट के पूर्व प्रधान जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में भगवान शनिदेव की नवीन प्रतिमा की विधि-विधान से स्थापना की गई और इसके उपरांत एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक उत्सव में ऑटो मार्केट के व्यापारियों, मैकेनिकों सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण और शुद्धिकरण के साथ भगवान शनिदेव की भव्य प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। इसके बाद उपस्थित भक्तों ने सामूहिक रूप से शनि चालीसा का पाठ किया और आरती उतारकर क्षेत्र की खुशहाली व व्यापार में तरक्की की कामना की। दोपहर को शुरू हुआ भंडारा देर शाम तक चलता रहा, जिसमें सभी ने प्रसाद ग्रहण किया। ऑटो मार्केट के पूर्व प्रधान जितेंद्र सिंह ने कहा कि विश्वकर्मा मंदिर में भगवान शनिदेव की प्रतिमा की स्थापना का संकल्प आज सभी साथियों के सहयोग से पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि न्याय के देवता शनिदेव स्वयं श्रम और कर्म के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि हमारे शास्त्रों में निहित है कि जो व्यक्ति अपने कार्य को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और मेहनत से करता है, शनिदेव उस पर सदैव अपनी असीम कृपा बरसाते हैं। आज इस पावन अवसर पर हम सभी यह संकल्प लें कि हम अपने व्यापार और कार्यक्षेत्र में ईमानदारी बरतेंगे और समाज के जरूरतमंद लोगों की यथासंभव सहायता करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल आत्मिक शांति प्रदान करते हैं, बल्कि व्यापारियों और आम जनता के बीच आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं। इस अवसर पर अनेक श्रद्धालुगण मौजूद रहे।