Bhiwani Ramlila News: भिवानी में 11 दिवसीय रामलला महोत्सव का भव्य आगाज, अंतरराष्ट्रीय कलाकार कर रहे शानदार मंचन
भिवानी में श्री अग्रसेन रामलीला कमेटी के तत्वावधान में 11 दिवसीय रामलीला महोत्सव का शानदार आगाज हो चुका है। अंतरराष्ट्रीय कलाकार प्रसंगों का मंचन कर रहे हैं।
भिवानी में सजी प्रभु श्रीराम की लीला, भक्ति और संस्कृति के रंग में रंगा शहर
श्री अग्रसेन रामलीला कमेटी के 11 दिवसीय रामलीला महोत्सव का आगाज, अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकारों ने किया शानदार मंचन
रामलीला हमारी धार्मिक आस्था, संस्कारों और भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर : विधायक घनश्याम सर्राफ
नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ते है रामलीला मंचन से कार्यक्रम : विजय बंसल टैणी
भिवानी, 12 अक्तूबर : हरियाणा की काशी भिवानी में प्रभु श्रीराम की लीलाओं का भव्य मंचन शुरू होने के साथ ही वातावरण भक्तिमय हो गया है। श्री अग्रसेन रामलीला कमेटी (रजि.), भिवानी की ओर से संपूर्ण रामलीला महोत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का विधिवत आगाज किया गया। रेलवे रोड स्थित सेठ किरोड़ीमल पार्क में आयोजित किए जा रहे इस 11 दिवसीय महोत्सव में श्रद्धा, भक्ति, भारतीय संस्कृति और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। रामलीला का मंचन प्रतिदिन रात्रि 7 बजे से 20 अक्तूबर तक किया जाएगा। महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकारों द्वारा रामायण के विभिन्न प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया जा रहा है। वहीं, बाहर से आए कलाकारों द्वारा कोल्ड आतिशबाजी का आकर्षक प्रदर्शन भी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण बना हुआ है। रामलीला मंचन में कलाकार मुकेश वर्मा ने विष्णु, सुरेश सैनी ने कामदेव, राम कौशिक ने लक्ष्मी, प्रमोद बिंदल ने नारद मुनि, शुभम ने इंद्र, सुरेंद्र सोनी ने सील निधि, मामनचंद अग्रवाल ने शिव शंकर भगवान, रमेश कौशिक ने ब्रह्मा, कुलदीप शर्मा व शिव लखेरा ने राजा, जनार्दन कश्यप ने काला देव, पीपला ने लालदेव किरदार निभाया।

इस बारे में जानकारी देते हुए श्री अग्रसेन रामलीला कमेटी (रजि.), भिवानी के प्रवक्ता अभिषेक बंसल ने बताया कि रामलीला महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि जिला बार एसोसिएशन, भिवानी के प्रधान युद्धिष्ठिर वत्स विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के पहले दिन गणेश वंदना के साथ महोत्सव की शुरुआत हुई। इसके पश्चात नारद मोह तथा भगवान विष्णु को श्राप से संबंधित प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय, संवाद अदायगी और प्रभावशाली प्रस्तुति से दर्शकों को रामायण की घटनाओं से जोड़ दिया। मंच पर प्रस्तुत धार्मिक प्रसंगों ने जहां श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति करवाई, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ाया।

इस अवसर पर विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रभु श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, सत्य, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देता है। रामायण के प्रसंग केवल धार्मिक कथाएं नहीं हैं, बल्कि वे जीवन में सही मार्ग चुनने और परिवार एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की सीख भी देते हैं। इस मौके पर श्री अग्रसेन रामलीला कमेटी (रजि.), भिवानी के प्रधान विजय बंसल टैणी ने कहा कि कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोडऩे में अहम भूमिका निभाते हैं। श्री अग्रसेन रामलीला कमेटी द्वारा भव्य स्तर पर रामलीला का आयोजन करना सराहनीय प्रयास है। ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और धार्मिक सद्भाव को भी मजबूती मिलती है। विजय बंसल टैणी ने शहरवासियों से आह्वान किया कि वे परिवार सहित रामलीला महोत्सव में पहुंचकर प्रभु श्रीराम की लीलाओं का आनंद लें और उनसे मिलने वाली जीवनोपयोगी शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाएं।
इस मौके पर कमेटी के महासचिव अधिवक्ता अजय सर्राफ, सह संयोजक प्रवीण गर्ग, उप प्रधान पवन भरतिया व सुरेश डब्बेवाला, कोषाध्यक्ष मामनचंद अग्रवाल तथा सदस्य पवन बुवानीवाला, मुरालीलाल तौला, विनोद गोयल, प्रमोद मिंडूका, उमाकान्त भोली एवं विनोद जैन सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।