SP Mayank Mishra Meeting: त्योहारों से पहले भिवानी पुलिस अलर्ट, बाजारों में बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस ने अपराध समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, आगामी त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में पैदल गश्त बढ़ाने पर जोर।
*अपराधियों की धरपकड़, लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा, महिला सुरक्षा, नशा एवं साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश; उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच पुलिस अधिकारियों को नकद पुरस्कार देकर किया सम्मानित।*
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा , आईपीएस की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में जिले के सभी डीएसपी, सीआईए एवं अन्य अपराध शाखा यूनिट इंचार्ज, थाना प्रभारियों तथा चौकी इंचार्जों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों की प्रगति और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनसुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में पैदल गश्त बढ़ाने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक भिवानी ने आगामी त्योहारों एवं त्योहारी सीजन के मद्देनजर सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाए। विशेष रूप से रात के समय पैदल गश्त पर ध्यान दिया जाए, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थानों की पहचान कर आवश्यकतानुसार पुलिस बल तैनात किया जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर निगरानी रखी जाए। त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें।
लंबित मामलों में तेजी लाकर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें
बैठक के दौरान विभिन्न थानों में दर्ज लंबित अभियोगों की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने जांच अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले में तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाए तथा वांछित आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने के लिए मामलों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और अनावश्यक देरी से बचा जाए।
महिला सुरक्षा एवं साईबर अपराध की रोकथाम पर विशेष जोर
महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिला विरुद्ध अपराधों में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। महिला पुलिस टीमों को स्कूलों, कॉलेजों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के लिए कहा गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं छात्राओं को डायल 112, साइबर अपराध से बचाव और उपलब्ध पुलिस सहायता सेवाओं की जानकारी देने पर जोर दिया गया।
साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामलों की जांच में तेजी लाने तथा आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल तथा अन्य साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर प्रयास करने को कहा।

नशा, अवैध हथियार, अवैध शराब एवं संगठित अपराध के विरुद्ध कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक भिवानी ने सभी थाना प्रभारियों एवं अपराध शाखा यूनिट इंचार्जों को निर्देश दिए कि नशा तस्करी, अवैध शराब की बिक्री, जुआ-सट्टा, अवैध हथियारों तथा संगठित अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाया जाए। मोस्ट वांटेड, इनामी एवं उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। अपराधियों के नेटवर्क की जानकारी जुटाकर उनके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध एवं गैरकानूनी गतिविधियों के प्रति किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक भिवानी ने प्रबंधक थाना यातायात सहित सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा व्यस्त मार्गों पर आवश्यकतानुसार पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।
उन्होंने बिना नंबर प्लेट, बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, ट्रिपल राइडिंग, वाहनों पर प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म तथा बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के साथ सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच पुलिस अधिकारियों को नकद पुरस्कार देकर किया सम्मानित
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस ने अपने कर्तव्यों का लगन, मेहनत एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने वाले पांच पुलिस अधिकारियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले अधिकारियों में सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के इंचार्ज उप निरीक्षक दशरथ, साईबर सेल इंचार्ज एएसआई संजीत, थाना सिविल लाइन के प्रबंधक उप निरीक्षक संजय, थाना बवानी खेड़ा के प्रबंधक उप निरीक्षक सुरेश तथा थाना जूई कलां के प्रबंधक उप निरीक्षक अजय शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक भिवानी ने अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कर्तव्यनिष्ठा, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ किया गया कार्य पुलिस विभाग की कार्यक्षमता को मजबूत बनाता है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसी प्रकार समर्पण, तत्परता और टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस ने कहा कि जिला पुलिस आमजन की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। आगामी त्योहारों के दौरान बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी। अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जिला पुलिस का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।