Bhiwani Police Crime Meeting: एसपी मयंक मिश्रा ने ली अपराध समीक्षा बैठक, अपराधियों पर सख्ती और त्वरित कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस ने अपराध समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।
अपराधियों पर शिकंजा कसने, लंबित मामलों के त्वरित निपटारे और कानून व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर।
नशा, अवैध हथियार, साईबर अपराध, महिला विरुद्ध अपराध एवं संगठित अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस द्वारा आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में जिले के सभी डीएसपी, सीआईए एवं अन्य अपराध शाखा यूनिटों के प्रभारी, थाना प्रबंधक तथा चौकी प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की वर्तमान कानून व्यवस्था, अपराध की स्थिति, लंबित अभियोगों तथा अपराध रोकथाम के लिए किए जा रहे पुलिस प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक भिवानी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक थाना एवं चौकी प्रभारी अपने क्षेत्र में अपराध की रोकथाम के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करते हुए अपराधियों के विरुद्ध त्वरित एवं सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
✍️ लंबित अभियोगों के निपटारे में तेजी लाने के निर्देश
बैठक के दौरान लंबित अभियोगों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों एवं जांच अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले की जांच की नियमित रूप से समीक्षा की जाए। गंभीर मामलों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, आवश्यक साक्ष्य जुटाने तथा जांच को निर्धारित समय में पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने कहा कि पीड़ित को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसलिए लंबित मामलों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए।
✍️ महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों पर विशेष निगरानी
महिला एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ-साथ त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
नशे और अवैध हथियारों के नेटवर्क पर हो प्रभावी कार्रवाई
बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध हथियारों के मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना एवं अपराध शाखा प्रभारियों को निर्देश दिए कि नशे की बिक्री एवं सप्लाई से जुड़े छोटे-बड़े सभी नेटवर्क की पहचान कर कार्रवाई की जाए।
इसी प्रकार बिना लाइसेंस अवैध हथियार रखने एवं उनकी सप्लाई करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अवैध हथियार एवं नशा अपराध को बढ़ावा देने वाले प्रमुख कारक हैं, इसलिए इनके स्रोत तक पहुंचकर कार्रवाई की जाए।
✍️ मोस्ट वांटेड, उदघोषित एवं संगठित अपराधियों पर विशेष अभियान
सभी अपराध शाखा यूनिट व थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि जिले के मोस्ट वांटेड, इनामी, उदघोषित अपराधियों तथा संगठित अपराध में संलिप्त व्यक्तियों की सूची को लगातार अपडेट किया जाए। ऐसे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर लक्षित कार्रवाई की जाए।

साथ ही गिरफ्तार किए गए अपराधियों से पूछताछ के आधार पर उनके सहयोगियों, अपराध में प्रयुक्त संसाधनों तथा पूरे नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
✍️ रात्रि गश्त और नाकाबंदी को बनाया जाए प्रभावी
जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि गश्त, नाकाबंदी एवं संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की चेकिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों, बाजारों, सुनसान स्थानों तथा जिले की सीमाओं पर स्थापित नाकों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
✍️ साईबर अपराध में तकनीकी जांच पर जोर
साईबर अपराध के मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने साइबर टीमों एवं जांच अधिकारियों को तकनीकी साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग करने तथा फ्रॉड की रकम को ट्रेस एवं फ्रीज कराने, संदिग्ध खातों की जांच तथा आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही आमजन को साईबर ठगी से बचाने के लिए थाना स्तर से लेकर गांव एवं शिक्षण संस्थानों तक लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
✍️ यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए थाना यातायात एवं सभी थाना-चौकी प्रभारियों को प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए।
बिना नंबर प्लेट, बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, ट्रिपल राइडिंग, ब्लैक फिल्म, नशे में वाहन चलाने तथा मोटरसाइकिल से पटाखे की आवाज निकालने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
✍️*पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश*
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र में अपराध की स्थिति पर व्यक्तिगत रूप से नजर रखें और किसी भी गंभीर घटना पर तत्काल रिस्पॉन्स, प्रभावी जांच एवं परिणामपरक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जिला पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा अपराधियों में कानून का भय पैदा करना है। अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को और मजबूत करें।