राज्य स्तरीय नेटबॉल प्रतियोगिता में में भिवानी के खिलाडिय़ों का जलवा
कड़ी मेहनत और पक्के इरादे से हासिल किया जा सकता है हर मुकाम : रेणुका शर्मा
भिवानी, 03 जुलाई : सोनीपत के राई स्पोर्ट्स अकादमी में आयोजित 5वीं फास्ट फाइव जिला स्तरीय सीनियर नेटबॉल चैंपियनशिप में गांव कलिंगा स्थित श्री बालाजी सीनियर सैकेंडरी स्कूल की नेटबॉल टीम ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। 20 और 21 जून को आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य पदक अपने नाम कर भिवानी जिले का गौरव बढ़ाया। श्री बालाजी सीनियर सैकेंडरी स्कूल की नेटबॉल टीम हर साल भिवानी जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेती है। इस साल भी खिलाडिय़ों ने खेल के मैदान पर गजब का तालमेल और अनुशासन दिखाते हुए लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के अपने सिलसिले को बरकरार रखा। टीम की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य ने खिलाडिय़ों का जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर विद्यालय प्राचार्य बजरंग तंवर व स्कूल संचालिका रेणुका शर्मा ने कहा कि यह ना केवल विद्यालय, बल्कि समस्त जिलावासियों के लिए गर्व का क्षण है। हमारे खिलाडिय़ों ने राज्य स्तर पर तीसरा स्थान हासिल करके यह साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत और पक्के इरादे से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। इस सफलता के पीछे खिलाडिय़ों का कड़ा अभ्यास, अनुशासन और मैदान पर उनकी मजबूत टीम भावना है। हम सभी खिलाडिय़ों और उनके कोच को इस शानदार जीत की बधाई देते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं। वही उन्होंने टीम के मुख्य कोच ने भी खिलाडिय़ों की पीठ थपथपाते हुए कहा कि फास्ट फाइव नेटबॉल में मुकाबला बेहद कड़ा और रफ्तार भरा होता है, लेकिन टीम ने अंत तक अपना धैर्य नहीं खोया और सूझबूझ से खेलते हुए कांस्य पदक हासिल किया। इस जीत से ना सिर्फ विद्यालय प्रशासन बल्कि खिलाडिय़ों के अभिभावकों में भी भारी उत्साह है। विद्यालय प्रबंधन ने साझा किया कि इस तरह की खेल उपलब्धियां भिवानी जिले में खेल संस्कृति को और मजबूत करेंगी और अन्य छात्रों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करेंगी।

