भिवानी में आध्यात्मिक चेतना का शंखनाद
 

तपोभूमि परमहंस योगाश्रम धाम में वार्षिक महोत्सव के तहत रुद्र महायज्ञ का आयोजन
 
 
छोटी काशी भिवानी न्यूज़
भिवानी, 04 जून : छोटी काशी भिवानी स्थित तपोभूमि परमहंस योगाश्रम धाम में वार्षिक महोत्सव का शुभारंभ हो चुका है। श्रीश्री 1008 स्वामी भास्करानंद परमहंस महाराज की पुण्यस्मृति में आयोजित यह दिव्य महोत्सव 31 मई से शुरू हुआ था, जो कि 7 जून तक पूरी श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस धार्मिक समागम का आयोजन पूज्य स्वामी कृष्णानन्द सरस्वती महाराज के पावन सान्निध्य और कुशल मार्गदर्शन में किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्रभर से भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। इस अष्टदिवसीय महोत्सव को लेकर पूरा आश्रम परिसर और भिवानी नगरी भक्तिमय हो चुकी है। सुबह से ही यज्ञ की आहुतियों और वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण पूरी तरह शुद्ध और दिव्य हो गया है। श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति का संदेश देते हुए तपोभूमि परमहंस योगाश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी कृष्णानन्द सरस्वती महाराज ने कहा कि मानव जीवन का परम लक्ष्य आत्म-कल्याण और लोक-कल्याण होना चाहिए। पूज्य सद्गुरुदेव श्रीश्री 1008 स्वामी भास्करानंद परमहंस महाराज ने अपना संपूर्ण जीवन समाज को सही दिशा देने, योग, साधना और सनातन संस्कृति के उत्थान में समर्पित कर दिया था। यह वार्षिक महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह हमारे भीतर की सोई हुई आध्यात्मिक ऊर्जा को जगाने और सद्गुरुदेव के दिखाए परोपकार के मार्ग पर चलने का एक पवित्र संकल्प है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब संसार में मानसिक अशांति, तनाव और वैचारिक मतभेद बढ़ रहे हैं, ऐसे में रुद्र महायज्ञ और हरि नाम संकीर्तन विश्व शांति, पर्यावरण की शुद्धि और लोक कल्याण का अचूक माध्यम हैं। गौरतलब होगा कि इस आठ दिवसीय महोत्सव के दौरान आश्रम में 7 जून तक प्रतिदिन प्रात: 6:30 बजे से 8:30 बजे तक वैदिक विद्वानों के आचार्यत्व में संपन्न हो रहा है, जिसमें श्रद्धालु आहुति प्रदान कर समाज की समृद्धि की कामना कर रहे हैं। वही सायंकाल 4 बजे से 7 बजे तक कथा व्यास द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जा रहा है। कार्यक्रमों की कड़ी में 6 जून की शाम 4 बजे से 7 बजे तक एक हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का समापन 7 जून रविवार को रूद्र महायज्ञ की पूर्णाहुति के तत्पश्चात पूज्य श्रीसद्गुरुदेवजी की पावन पुण्यतिथि पर विशेष पूजन-अर्चन किया जाएगा।