- बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए लगाएं अधिक से अधिक पेड़: पवन कुमार सीजेएम
 

- विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के लगाए जाएंगे 8 हजार पौधे: प्रो. दीप्ति धर्माणी
- चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में मेगा वृक्षारोपण अभियान 2026 का आयोजन
 
सीजेएम पवन कुमार

भिवानी, 10 जुलाई। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), भिवानी के सहयोग से चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय, भिवानी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा मेगा वृक्षारोपण अभियान 2026 का आयोजन विश्वविद्यालय के प्रेमनगर स्थित नए परिसर में किया गया।
विश्वविद्यालय की कुलगुरू प्रो. दीप्ति धर्माणी के संयोजन में आयोजित मेगा वृक्षारोपण अभियान 2026 कार्यक्रम में पवन कुमार मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-कम-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भिवानी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। 
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-कम-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पवन कुमार ने कहा कि इस अभियान की थीम- आज पेड़ लगाएं, आने वाले कल को हरा-भरा बनाएं है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया, ताकि आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण मिल सके।
विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने कहा कि परिसर को हराभरा बनाने के लिए विश्वविद्यालय लगातार पौधारोपण अभियान चला रहा है तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। 
उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भिवानी एवं डीएलएफ फाउंडेशन काउंसिल, गुरुग्राम के सहयोग से विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 8,000 पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सीजेएम पवन कुमार द्वारा विश्वविद्यालय को 2000 पौधे भेंट किए गए। उनके इस उदार सहयोग से विश्वविद्यालय के हरित परिसर अभियान को मजबूती मिलेगी और परिसर की जैव विविधता व पर्यावरण में सुधार होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस महत्वपूर्ण योगदान के लिए उनका धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
विश्वविद्यालय की तरफ से कुलसचिव प्रो.  भावना शर्मा एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सुरेश मलिक ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया। 
इस अवसर पर गणमान्य अतिथियों, संकाय सदस्यों, एनएसएस स्वयंसेवकों, छात्रों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने वनीकरण, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने छात्रों से लगाए गए पौधों की देखभाल करने और दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में एनएसएस इकाई द्वारा डीएलएसए, विश्वविद्यालय प्रशासन, संकाय, छात्रों एवं सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि आज लगाया गया प्रत्येक पेड़ आने वाली पीढिय़ों के लिए एक स्वस्थ और सतत भविष्य में निवेश है। 
इस अभियान का समन्वय अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सुरेश मलिक, एनएसएस समन्वयक डॉ. आशा पूनिया तथा कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सीमा रानी, डॉ. विजय जांगड़ा, नवीन कुमार एवं डॉ. दीपक कुमारी द्वारा किया गया।