MP Dharambir Singh News 2026: पर्यावरण के लिए जहरीली खेती भी बड़ा खतरा: वैश्य महाविद्यालय में युवाओं से रूबरू हुए सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह

भिवानी के वैश्य महाविद्यालय में 'विकसित भारत युवा संवाद' आयोजित; सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने जहरीली खेती, जल संरक्षण, नशा मुक्ति व राष्ट्र निर्माण पर रखे विचार।
 
MP Dharambir Singh news

पर्यावरण के लिए जहरीली खेती भी बड़ा खतरा: सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह

वैश्य महाविद्यालय में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांसद से किए सीधे सवाल-जवाब

प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और जल संरक्षण के लिए आमजन को आगे आने की जरूरत

 राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं युवा : चौ. धर्मबीर सिंह

भिवानी, 2 नवंबर। माय भारत केंद्र भिवानी एवं युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में तथा वैश्य महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृति सेवा समिति के सहयोग से महाविद्यालय परिसर में संविधान दिवस के अवसर पर ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय गोयल ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं संविधान दिवस के उपलक्ष पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर किया गया।

विद्यार्थियों ने सांसद से पर्यावरण एवं जल संरक्षण, राजनीति, महिला सशक्तिकरण, नशा मुक्ति, संविधान और विकसित भारत जैसे विषयों पर सीधे सवाल किए। सांसद ने सहजता से जवाब देते हुए कहा कि आज पर्यावरण के लिए पानी की कमी के साथ जहरीली खेती भी बड़ा खतरा बनती जा रही है। रासायनिक पदार्थों के अत्यधिक इस्तेमाल से जमीन और पानी प्रभावित हो रहे हैं। इसके लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना होगा तथा सरकार के साथ आमजन को भी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

जल संकट पर उन्होंने कहा कि मौसम में बदलाव, बेमौसमी बारिश, सूखा और ग्लेशियरों का तेजी से पिघलना चिंता का विषय है। भूजल का लगातार दोहन भविष्य में पानी की गंभीर किल्लत पैदा कर सकता है। उन्होंने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता जताई।

 नशा मुक्ति

महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि बेटा-बेटी में कोई अंतर नहीं होना चाहिए तथा महिलाओं को समान अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए। नशा मुक्ति के लिए संस्कार, संस्कृति और परिवार की सकारात्मक भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि युवा समय का सदुपयोग करें, शिक्षा को प्राथमिकता दें और सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है, इसलिए उसके मूल्यों एवं कर्तव्यों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।

प्राचार्य डॉ. संजय गोयल ने कहा कि संविधान दिवस लोकतांत्रिक मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने का अवसर है। माय भारत की जिला कोऑर्डिनेटर मनसा देवी ने युवाओं से विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया। एनएस एस अधिकारी प्रो.कामना कौशिक व राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक भारद्वाज ने युवाओं को माय भारत पोर्टल एवं युवा कार्यक्रमों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी प्रो. डॉ. कामना कौशिक, प्रो. डॉ. मोहनलाल, कमल भारद्वाज, ललित शर्मा, लेखाकार जितेंद्र सैनी, जगबीर कुमार, प्रवीण गोलागढ़, यूथ आइकॉन साक्षी, राहुल कुमार एवं स्वयंसेवी अश्विनी कुमार सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, विद्यार्थी और अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।