Resident Protest Bhiwani: अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ भड़के लोग, विधायक को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

भिवानी के विकास नगर में हाई कोर्ट के आदेशों की अवहेलना और अवैध पार्किंग के खिलाफ लोगों ने विधायक घनश्याम सर्राफ के आवास पर रोष जताया है।

 
MLA Ghanshyam Saraf controversy

हाई कोर्ट के आदेशों की अवहेलना पर भडक़ उठे विकास नगर के लोग, विधायक घनश्याम सर्राफ के आवास पर जताया कड़ा रोष

अदालत में पार्टी बनाकर अवमानना का केस दर्ज कराने की दी चेतावनी

भिवानी, 09 अक्तूबर : पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के बावजूद स्थानीय विकास नगर रिहायशी क्षेत्र में सब्जी मंडी के व्यापारियों द्वारा की जा रही अवैध पार्किंग, लोडिंग-अनलोडिंग और अतिक्रमण का मामला अब पूरी तरह गरमा गया है। उपायुक्त भिवानी द्वारा जारी आदेशों की पालना में भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ द्वारा कथित रुकावट डालने और नागरिक सभा के अध्यक्ष पर दबाव बनाने के विरोध में विकास नगर के निवासियों ने सीधा मोर्चा खोल दिया है।

विकास नगर नागरिक सभा की एक अहम बैठक शुक्रवार को स्थानीय पार्क में आयोजित की गई। बैठक में सभा के अध्यक्ष डॉ. आर.बी. गोयल पर विधायक द्वारा मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने और अमर्यादित व्यवहार करने की कड़े शब्दों में निंदा की गई। इसके उपरांत आक्रोशित नागरिकों का एक प्रतिनिधिमंडल विधायक घनश्याम सर्राफ के आवास पर पहुंचा और सीधे तौर पर अपना विरोध दर्ज कराया। नागरिकों ने विधायक को स्पष्ट चेताया कि वे अदालती आदेशों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की बाधा न डालें, अन्यथा उन्हें भी इस मामले में अदालत में पार्टी बनाकर अवमानना और सरकारी कार्य में बाधा डालने की कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।

विकास नगर नागरिक सभा के संरक्षक आर. पी. सिंह ने अपने कड़े बयान में कहा कि उपायुक्त महोदय द्वारा 3 सितंबर और 15 सितंबर को जो स्पष्ट आदेश पारित किए गए थे, वे पूरी तरह से राजनीतिक हस्तक्षेप के कारण पंगु बनकर रह गए हैं। कुछ व्यापारियों के अनैतिक प्रभाव में आकर पूरे विकास नगर के बाशिंदों के जीवन, शांति और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। रिहायशी इलाके में भारी वाहनों की आवाजाही और अवैध पार्किंग से आमजन का जीना दूभर हो चुका है, लेकिन प्रशासन राजनीतिक दबाव के आगे बेबस नजर आ रहा है।

विकास नगर नागरिक सभा के अध्यक्ष डॉ. आर. बी. गोयल व विकास नगर रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन स्कीम नंबर-8ए के अध्यक्ष अजीत सिंह सांगवान ने कहा कि नागरिकों के अधिकारों और हाई कोर्ट के फैसलों की रक्षा के लिए वे किसी भी दबाव या गलत व्यवहार के आगे झुकने वाले नहीं हैं। रिहायशी इलाके को व्यावसायिक मंडी में बदलने की साजिश को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह लड़ाई कानूनी तौर पर अंत तक लड़ी जाएगी।

 इस अवसर पर डॉ. आर. बी. गोयल, संरक्षक आर. पी. सिंह, अजीत सिंह सांगवान, अवतार सांगवान, कर्नल उमेद सिंह, सतीश लीखा, पवन बासिया, राजबीर बर्मन, नवीन गुप्ता, अशोक गुप्ता, हेमराज महता, डॉ. आनंद स्वामी, कृष्ण हाडा, प्रेम यादव, सतेन्दर शर्मा, कृष्ण शर्मा, वजीर सिंह, विरेंद्र ग्रेवाल, राजू मित्तल, कृष्ण गोपाल मित्तल, ओमप्रकाश कालीरमणा, ओमपाल सिंह, सुभाष खरकिया, अजय सांगवान सहित विकास नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।