पूरी जानकारी के साथ होगा मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य: डीसी
 

- एसआईआर के नाम पर लोगों को भ्रमित होने की जरूरत नहीं, घर-घर जाएंगे बीएलओ
- मतदाता सूची में पुनरीक्षण के लिए मतदाताओं की सुनी जाएंगी दावे एवं आपत्तियां
- जिला में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में 76.85 प्रतिशत हुई मैपिंग
 
 
नए वोट बनवाने की तारीख 2026
भिवानी, 03 जून। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी साहिल गुप्ता ने लघु सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को लेकर लोगों को किसी भी प्रकार से भ्रमित होने की जरूरत नही है। बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य करेंगे। घरों से लोगों के नाम, पते या पता बदलने, मृत्यु आदि दस्तावेजों की जानकारी ली जाएगी। इसके साथ-साथ मतदाताओं के दावे एवं आपत्ति सुनी जाएंगी और उनका तथ्यों के आधार पर निपटारा किया जाएगा। नागरिकों को मतदाता सूची में अपने पुनरीक्षण के लिए वर्ष 2002 से संबंधित मतदाता सूची की जानकारी व दस्तावेज उपलब्ध करवाने होंगे, चाहे वह भारत वर्ष में कहीं का भी निवासी रहा हो। मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में आम मतदाता और राजनीतिक दलों का सहयोग जरूरी है।
पत्रकारों को जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गुप्ता ने बताया कि जिला में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिले में मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं त्रुटिरहित बनाने का कार्य किया जा रहा है। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की मैपिंग का कार्य चल रहा है।  एक जून 2026 तक जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल आठ लाख 84 हजार 173 मतदाता दर्ज हैं। इनमें से छह लाख 79 हजार 444 मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है, जबकि दो लाख 4 हजार 729 मतदाताओं की मैपिंग शेष है। जिले में अब तक 76.85 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूरा हो चुका है।
जिला निर्वाचन अधिकारी साहिल गुप्ता ने बताया कि 54-लोहारू विधानसभा क्षेत्र में 82.28 प्रतिशत, 57-भिवानी में 66.20 प्रतिशत, 58-तोशाम में 83.03 प्रतिशत तथा 59-बवानी खेड़ा (अनुसूचित जाति) में 76.92 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग का कार्य बीएलओ द्वारा पूरा किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि एसआईआर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 941 मतदान स्तर अधिकारियों (बीएलओ) तथा 96 सुपरवाइजरों की नियुक्ति की गई है। प्रत्येक सुपरवाइजर के अधीन लगभग 10 मतदान स्तर अधिकारी कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई तक मतदान केंद्रों का रेशनेलाइजेशन किया जाएगा और 21 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। उन्होंने बताया 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जिनका 21 जुलाई से 18 सितंबर तक उनका निपटान किया जाएगा। 22 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिन नागरिकों की आयु एक जुलाई 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है, वे 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 के बीच अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से आह्वान किया कि वे बीएलए और बीएलए-2 की नियुक्ति करें ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य त्रुटि रहित व पारदर्शी हो।
उन्होंने बताया कि लोहारू में भाजपा और कांग्रेस के 246-246, भिवानी में 227-227, तोशाम में 233-233 तथा बवानी खेड़ा में कांग्रेस के 235 बीएलए-2 नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि जिन पात्र व्यक्तियों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित अवधि के दौरान अपने क्षेत्र के मतदान स्तर अधिकारी से संपर्क कर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवाएं। उन्होंने कहा कि नागरिक टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी मतदाता सूची पुनरीक्षण की जानकारी ले सकते हैं। इस दौरान एडीसी दीपक बाबू लाल करवा और नगराधीश अनिल कुमार व जिला निर्वाचन कार्यालय से स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।