- एसआईआर को लेकर नागरिक भ्रमित ना हों: साहिल गुप्ता
- गणना प्रपत्र जमा नहीं होने पर उनकी सूची पंचायत, नगर निकाय तथा संबंधित कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी
भिवानी, 02 जुलाई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को लेकर निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीसी ने मुख्यालय द्वारा वीसी के माध्यम से मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा के निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं का पता नहीं चल रहा है, उनके संबंध में पड़ोसियों एवं स्थानीय लोगों से जानकारी प्राप्त कर वास्तविक स्थिति दर्ज की जाए। विदेशी नागरिकों अथवा भारतीय नागरिकता छोड़ चुके व्यक्तियों के नाम यदि मतदाता सूची में पाए जाते हैं तो निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए। सभी बीएलओ गणना प्रपत्रों को निर्धारित श्रेणियों में समयबद्ध तरीके से अपलोड करें। उन्होंने जिला के आमजन से आह्वान किया है कि वे एसआईआर को लेकर किसी भी प्रकार से भ्रमित ना हों। एसआईआर कार्य मतदाता सूची को शुद्घिकरण के लिए है, जो भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्धारित समय पर होता रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बीएलओ अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, डुप्लीकेट तथा विदेशी नागरिकों की श्रेणी में आने वाले मतदाताओं की सही पहचान कर आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र जमा नहीं हुए हैं, उनकी सूची पंचायत, नगर निकाय तथा संबंधित कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी ताकि आमजन भी आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा सकें।
उन्होंने कहा कि एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं का नाम केवल उसी निर्वाचन क्षेत्र में रखा जाएगा, जहां उन्होंने हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र जमा किया है। मृत मतदाताओं के मामलों में परिवार के सदस्य से बिना हस्ताक्षर वाला गणना प्रपत्र लेकर मृत्यु का कारण दर्ज किया जाए तथा उपलब्ध होने पर मृत्यु प्रमाण पत्र भी संलग्न किया जाए। स्थायी रूप से अन्य स्थान पर जा चुके मतदाताओं के संबंध में भी स्थानीय सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। डीसी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और गंभीरता के साथ पूरा किया जाए। लापरवाही बरतने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

