- निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक दावे एवं आपत्तियों का गंभीरता से परीक्षण किया जाए: महेश कुमार
 

- भिवानी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी महेश कुमार ने एसआईआर समीक्षा बैठक में दिए जरूरी निर्देश
 
 
Bhiwani administration news

भिवानी, 23 जुलाई। भिवानी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम महेश कुमार की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित उनके कार्यालय में एसआईआर को लेकर संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एसडीएम ने विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दावे एवं आपत्तियों के प्रभावी निस्तारण को लेकर जरूरी निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि घर-घर जाकर सत्यापन की 24 जुलाई अंतिम तारीख है। इसके बाद भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 31 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जोडऩे, संशोधन कराने अथवा आपत्तियां दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा 3 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
बैठक में एसडीएम महेश कुमार ने दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने तथा उनके समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए नियुक्त अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक दावा एवं आपत्ति का गंभीरता से परीक्षण किया जाए। सभी अधिकारी निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करें तथा प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाने की प्रक्रिया पूरी सावधानी और नियमों के अनुरूप संपन्न की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए इसके पुनरीक्षण कार्य में सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। बैठक में दावे एवं आपत्तियों के पंजीकरण, सत्यापन तथा निस्तारण की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान कृषि उप निदेशक डा. विनोद फोगाट, जीएम रोडवेज दीपक कुंडू, तहसीलदार जयबीर सिंह, ईओ राजाराम आदि मौजूद रहे।