भिवानी में पेयजल संकट : कीर्ति नगर में नए बूस्टर की मांग को लेकर पार्षदों ने खोला मोर्चा, सौंपा ज्ञापन
भिवानी, 03 जुलाई : शहर में बढ़ती आबादी के साथ ही पेयजल की समस्या भी गहराती जा रही है। भिवानी के कई इलाकों में पानी का दबाव बेहद कम होने और अपर्याप्त आपूर्ति के कारण स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब जनप्रतिधियों ने भी विभागीय अधिकारियों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में नगर परिषद भिवानी के वार्ड नंबर 5 से पार्षद अंकुर कौशिक और वार्ड नंबर 20 के पार्षद एवं प्रदीप कौशिक ने शुक्रवार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता को मांगपत्र सौंपकर स्थानीय कीर्ति नगर इलाके में जल्द से जल्द एक नए पानी के बूस्टर का निर्माण करवाने की मांग की है।
अधीक्षण अभियंता को सौंपे गए पत्र में पार्षदों ने कीर्ति नगर और आसपास के क्षेत्र की बदहाल स्थिति को प्रमुखता से उठाया है। पार्षद अंकुर कौशिक ने कहा कि कीर्ति नगर और इसके आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय में आबादी बहुत तेजी से बढ़ी है, लेकिन बुनियादी सुविधाएं उस अनुपात में नहीं सुधरी हैं। फिलहाल क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति बहुत कम समय के लिए होती है, और जब पानी आता भी है, तो उसका दबाव इतना कम होता है कि वह घरों तक ठीक से पहुंच ही नहीं पाता। पार्षद कौशिक ने बताया कि विशेषकर सुबह और शाम के समय पानी की किल्लत के कारण आम नागरिकों, महिलाओं और कामकाजी लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से जनहित में जल्द से जल्द कदम उठाते हुए यहां नया बूस्टर स्थापित करने का आग्रह किया है ताकि लोगों को नियमित और पर्याप्त दबाव के साथ पानी मिल सके।
कीर्ति नगर के साथ-साथ शहर के अन्य हिस्सों में भी पानी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की मांग तेज हो गई है। इस दौरान वार्ड नंबर 29 में भी पानी की किल्लत को देखते हुए पार्षद प्रतिनिधि मदन सुदामा तंवर द्वारा नए बूस्टर के निर्माण की पुरजोर मांग उठाई गई। उन्होंने कहा कि वार्ड के कई हिस्सों में पानी का संकट बना हुआ है, जिसके लिए नया बूस्टर लगाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि विभाग जल्द ही कीर्ति नगर और वार्ड 29 में नए बूस्टर के निर्माण को मंजूरी देता है, तो हजारों की आबादी को इस भीषण गर्मी और दैनिक किल्लत से बड़ी राहत मिल सकेगी। इसके साथ ही वार्ड नंबर-25 के पार्षद विनोद प्रजापति ने भी पेयजल समस्या के समाधान की मांग उठाई। इस दौरान अधीक्षण अभियंता ने आश्वासन दिया कि मांगपत्र में शामिल मांगों को पूरा करने के लिए जल्द ही पूरा करवाया जाएगा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी ना हो।

